रामलला के दर्शन को लेकर स्पेशल अभियान जारी

नई दिल्ली : अयोध्या में भगवान रामलला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा के बाद राम मंदिर को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया है। रामभक्त अपने आराध्य प्रभु श्रीराम के दर्शन के लिए बेसब्र हो रहे हैं। लाखों की संख्या में राम भक्त अयोध्या में मौजूद हैं। वहीं आज से ‘श्री राम जन्म-भूमि दर्शन’ अभियान शुरू होने जा रहा है। इसकी शुरुआत आज पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे। इसके तहत हर लोकसभा से 6 हजार भक्तों को रामलला दर्शन के लिए अयोध्या ले जाया जाएगा। ये अभियान 25 मार्च तक चलेगा। राम लला के दर्शन का दूसरे दिन मंदिर के बाहर भक्तों की भीड़ है। मंगलवार को पहले दिन करीब 5 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने रामलला के दर्शन किए लेकिन अभी भी लाखों लोग अपने प्रभु के इंतजार में है। राम भक्तों की एक ही आशा है कि किसी भी तरह उन्हें अपने प्रभु के दर्शन हो जाएं। रामभक्त पूरी तैयारी के साथ अयोध्या पहुंचे हैं, वो एक हफ्ते तक इंतजार करने को तैयार हैं।

इस बीच रामलला के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने रामभक्तों से अपील की है कि वो थोड़ा संयम बरतें, रामलला के दर्शन सबको मिलेंगे।भक्तों को केवल एक हजार रुपये में अयोध्या आने-जाने, रहने-खाने और दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। यदि आप भी भगवान राम के दर्शन करना चाहते हैं, तो आप भी केवल एक हजार रुपये खर्च कर यह सुविधा प्राप्त कर सकते हैं। बीजेपी ने अपने सभी सांसदों, विधायकों, मंत्रियों और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र से उन सभी लोगों को अयोध्या ले जाने की व्यवस्था करें, जो लोग भगवान राम के दर्शन करना चाहते हैं।

वहीं अयोध्या में बीजेपी ने 25 हजार श्रद्धालुओं के रहने का इंतजाम किया हुआ है। इन जगहों पर राम भजन, कीर्तन और रामलीला जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों भी आयोजित करने की तैयारी है।   एक नेता के मुताबिक 1000 रुपये की राशि केवल इसलिए रखी गई है, जिससे केवल गंभीर लोग ही भगवान राम के दर्शनों के लिए इस योजना का लाभ उठाएं। पूरे देश के सभी राज्यों से राम भक्तों को अयोध्या ले जाकर उन्हें दर्शन कराने की तैयारी है। विश्व हिंदू परिषद अपने स्तर पर लगभग 5000 कार्यकर्ताओं को अयोध्या ले जाकर भगवान राम के दर्शन करने की योजना बना रहा है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *