पंजाब: आज से 3 दिन तक बारिश के आसार

लुधियानाः पिछले एक महीने से कोहरे और सूखी ठंड की मार झेल रहे पंजाब के लोगों के लिए मंगलवार से आसमान से राहत बरसेगी। क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके चलते आज से पंजाब के अलग अलग जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती हैं। वर्षा का यह क्रम तीन फरवरी तक चलेगा। मौसम केंद्र चंडीगढ़ के वरिष्ठ विज्ञानी डॉ. एके सिंह के अनुसार पठानकोट, गुरदासपुर और हिमाचल के साथ लगते जिलों में आज वर्षा होगी।

जबकि बुधवार व वीरवार को पूरे पंजाब में वर्षा की संभावना हैं। यह वर्षा कोहरे और ड्राई कोल्ड से राहत दिलाएगी। कोहरा जो पिछले एक महीने से पंजाब के वातावरण में जमकर बैठा हैं, वह वर्षा में धूल जाएगा। जनवरी में चल रहे वर्षा के सूखे को भी खत्म करेगी। वर्षा से गेहूं से लेकर दूसरी सभी फसलों को लाभ होगा। कोहरे की मार की वजह से फसलों को काफी नुकसान पहुंचा हैं। फसलें झुलस गई हैं।

दिसंबर के मध्यम से लेकर अब तक पंजाब में वर्षा नहीं हुई हैं। हालांकि वर्षा से ठंड व ठिठुरन बढ़ जाएगी। उधर सोमवार को पंजाब के कई जिलों में सुबह साढे़ आठ से नौ बजे तक कोहरा छाया रहा और इसके बाद धूप निकली। जिसके चलते दिन के तापमान में बढ़ोतरी हुई। चंडीगढ़ में दिन का तापमान सबसे ज्यादा 23.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पठानकोट, मोगा व मोहाली में 22.0 डिग्री, अमृतसर में 21.2 डिग्री, लुधियाना में 20.2 डिग्री, गुरदासपुर में 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *