पंजाब : बाइक सवार लुटेरों ने ASI की पत्नी से लूट

गुरदासपुर : पंजाब में चोरी व लूटपाट की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। ताजा मामले में घर से सामान लेने के लिए बाजार गई एएसआई की पत्नी से लुटेरे पर्स छीनकर फरार हो गए। पर्स में 4 हज़ार रुपए की नकदी और एक मोबाइल फोन था। पीड़िता के अनुसार लुटेरे युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे और नकाब पहन रखा था। लूट के बाद वह जहाज चौक की और भाग गए। पीड़ित महिला शुभलता ने बताया कि वह बुधवार की देर शाम को घर से सामान लेने के लिए बाजार गई थी। जब वह घर वापस लौट रही थी तो हनुमान चौक के पास बाइक सवार 2 नकाबपोश युवक उसका पर्स छीनकर मौके से फरार हो गए। उन्होंने बताया कि पर्स में 4 हज़ार रुपए की नकदी और एक मोबाइल फोन था।

राहगीरों ने भी बताया कि उन्हें एक महिला के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी थी। जब हमने महिला से बात की तो उन्होंने बताया कि 2 लुटेरे उनका पर्स छीनकर भाग गए हैं। उन्होंने लुटेरों का पीछा करने की कोशिश भी की, लेकिन लुटेरे तब तक वहां से भाग चुके थे। वहीं पीड़ित महिला के पति विजय कुमार ने बताया कि वह पंजाब पुलिस में एएसआई है और कचहरी में तैनात है। उन्होंने कहा कि हालात इतने बुरे हो चुके हैं कि पुलिस कर्मचारियों का परिवार तक सेफ नहीं है। उन्होंने मांग की है कि इन लुटेरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *