पंजाबः 2 गुटों में हुई गैंगवार के दौरान पलटी कार, 2 घायल

लुधियानाः माछीवाड़ा में दो गुटों के बीच हुई गैंगवार में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें हरप्रीत सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि दूसरा अमित कुमार भी अस्पताल में भर्ती है। थाना प्रभारी भिंदर सिंह खंगूड़ा ने बताया कि हरप्रीत सिंह और अमित कुमार दोनों माछीवाड़ा के मियां मोहल्ला के रहने वाले हैं और वे एक कार में सवार होकर जा रहे थे। तभी दूसरे गुट ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया, जिनसे उनकी पुरानी रंजिश थी।

बचाव के लिए हरप्रीत सिंह और अमित कुमार ने कार तेजी से भगाई और रतीपुर रोड से सीधे नहर की ओर जाते समय संतुलन खो बैठे और उनकी गाड़ी खेतों में पलट गई। आशंका है कि पीछा करने वालों ने उन्हें टक्कर मारी, जिसके बाद उनकी कार अनियंत्रित हो गई। पीछा कर रहे हमलावरों ने हरप्रीत सिंह और अमित कुमार पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया और उन्हें बुरी तरह पीटा और दोनों को बेहोश छोड़कर भाग गए।

घायल हालत में दोनों को पहले माछीवाड़ा अस्पताल लाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर होने के कारण उन्हें लुधियाना रेफर कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक हरप्रीत सिंह की हालत गंभीर है। पुलिस ने बताया कि बयान दर्ज होने के बाद हमलावरों की पहचान हो पाएगी। माछीवाड़ा क्षेत्र में बढ़ती गुंडागर्दी और गैंगवार लोगों के लिए चिंता का विषय बन गया है और लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं, इसलिए पुलिस को क्षेत्र में नशा बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *