आप की 2 रैलियां रद्द होने पर SDM पर गिरी गाज, निलंबित

अंबाला : आम आदमी पार्टी की दो चुनावी रैलियों को रद्द कर जवाब में अभद्र भाषा लिखने के मामले में कैथल के एसडीएम ब्रह्म प्रकाश को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं, इस मामले में चुनाव आयोग ने शनिवार को हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी से पूरे घटनाक्रम पर रिपोर्ट भी मांगी है। साइबर पुलिस ने भी मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर थाना के जांच अधिकारी इंद्र सिंह ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर आईपी एड्रेस की जानकारी ली जा रही है। अन्य पहलुओं पर भी जांच की जा रही है। साइबर टीम पहले आरओ कार्यालय का रिकॉर्ड कब्जे में लेगी।

साथ ही सभी ऑपरेटर के बयान भी दर्ज किए जाएंगे। उसके बाद किसने यूजर आईडी का दुरुपयोग किया है, इस बात का पता लगाया जाएगा। इससे पहले, शुक्रवार को मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने तत्काल चार कंप्यूटर ऑपरेटर और एक जूनियर प्रोग्रामर को निलंबित कर दिया था। वहीं, राज्यपाल की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि निलंबन के दौरान एसडीएम मुख्य सचिव हरियाणा (सेवा-1 शाखा) के कार्यालय में रहेंगे। वह मुख्य सचिव की पूर्व अनुमति प्राप्त किए बिना मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे।

दरअसल, आम आदमी पार्टी ने कैथल में दो रैलियों की अनुमति के लिए चुनाव आयोग के एनकोर पोर्टल पर आवेदन किया था। उसके बाद असिस्टेंट रिर्टनिंग आफिसर के डोमेन आईडी का पासवर्ड चुराकर आवेदन को रद्द कर दिया गया। साइबर थाने में दी शिकायत में बताया गया है कि तीन अप्रैल को शुभम राणा नामक व्यक्ति ने ऑनलाइन प्रार्थना पत्र के माध्यम से जनसभा की अनुमति के लिए दो आवेदन दिए थे। किसी ने एआरओ यूजर्स का दुरुपयोग करते हुए दोनों आवेदन पत्रों को रद्द कर दिया। इस पर कुछ आपत्तिजनक टिप्पणी व फोटो भी अपलोड कर दिए। 

जिला सूचना अधिकारी दीपक खुराना ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि दोनों ही रद्द प्रार्थना पत्रों की रिपोर्ट पर कोई तिथि और समय नहीं है। उन्होंने संभावना जताई है कि तीन अप्रैल को निर्वाचन विभाग की ओर से आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में एआरओ व कार्यालय में नियुक्त आईटी टीम के कर्मचारियों ने भाग लिया था। जिस आवेदन पर टिप्पणी की गई है, उसी को डेमो के रूप में प्रयोग करते हुए पोर्टल के बारे में समझाया गया था। शायद उसी समय किसी ने यूजर आईडी और पासवर्ड चुरा लिया हो।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *