तेज बारिश के चलते दुकानों में घुसा पानी, प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसी चंडीगढ़ की गाड़ी, देखें वीडियो

Written by

in

अगले 6 घंटे के लिए 5 जिलों में ओलावृष्टि का अलर्ट जारी

शिमलाः हिमाचल प्रदेश में आज मौसम में हुए बदलाव के बाद से तेज बारिश शुरू हो गई। वहीं लाहौल स्पीति के अधिक ऊंचाई वाले कुछ क्षेत्रों में ताजा हिमपात हुआ। शिमला में तेज बारिश से सड़कें पानी से लबालब हो गईं। दूसरी ओर इस बारिश के बीच एक गाड़ी शिमला के रिज पर पहुंच गई। शिमला के प्रतिबंधित रिज मैदान पर एक चंडीगढ़ नंबर की कार ने नियमों का उल्लंघन किया। बारिश का फायदा उठाकर कार चालक ने माल रोड पर जमकर गेड़ियां लगाईं। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है। दरअसल, शिमला का रिज और माल रोड पर आम वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह प्रतिबंध है। यहां से सिर्फ आपातकालीन वाहन ही गुजर सकते है या अनुमति के बाद आपातकालीन परिस्थितियों में कोई वाहन गुजर सकता है। नियम तोड़ने पर 1500 से 3000 रुपए तक का जुर्माना लगाया जाता है। वहीं पुलिस थाना सदर के SHO धर्म सेन नेगी ने बताया कि मामला उनके ध्यान में आया है। पुलिस इसकी जांच कर रही है। नियमों के तहत उचित कार्रवाई करेंगे। बता दें कि बीते दिनों हिमाचल प्रदेश के एक विधायक की गाड़ी भी मॉल रोड पर पहुंच गई थी। जिसका पुलिस ने 1500 का चालान काटा था। उससे पहले एक अन्य माननीय की गाड़ी भी पहुंच गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि रिज मैदान अब गेड़ी रूट में तब्दील होता जा रहा है। आए दिन यहां प्रतिबंधित वाहन पहुंच जाते हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। लोअर बाजार और मिडल बाजार में बारिश का पानी कई दुकानों में घुस गया। इस दौरान कुछ देर के लिए शिमला में दिन में ही अंधेरा सा छा गया। हमीरपुर के बड़सर, मंडी में तूफान चला। वहीं मौसम विभाग ने ताजा बुलेटिन जारी कर अगले 6 से 8 घंटे तक बिलासपुर, हमीरपुर, सिरमौर, सोलन और ऊना में अलग-अलग स्थानों पर तेज बारिश होने का चेतावनी दी है। कांगड़ा और कुल्लू जिला में आज आंधी-तूफान और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बीते 24 घंटे के दौरान भी शिमला, कुल्लू और सिरमौर जिला के कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि हुई है। इससे सेब, टमाटर, मटर, प्लम, आड़ू इत्यादि फसलों को नुकसान पहुंचा है और रात के तापमान में ओलावृष्टि की वजह से गिरावट आई है। मगर दिन का तापमान नॉर्मल से काफी ज्यादा बना हुआ है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *