थ्रेशर की चपेट में आया किसान, शरीर के हुए टुकड़े-टुकड़े

Written by

in

सवाई माधोपुरः जिले से एक बहुत ही दर्दनाक हादसा होने का मामला सामने आया है। जहां, मलारना डूंगर इलाके में थ्रेशर की चपेट में आकर एक किसान के टुकड़े-टुकड़े हो गए। उसके शरीर के टुकड़े मशीन में बुरी तरह फंस गए थे जिसे निकालने के लिए भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

मशीन से किसान का शव बाहर निकालते हुए।
मशीन से किसान का शव बाहर निकालते हुए।

थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि देर रात 2 से 3 बजे के बीच बाढ़ बरियारा गांव में भरतलाल के खेत पर थ्रेशर मशीन से गेहूं की कटाई चल रही थी। गांव के ही किसान घनश्याम (45) भी गेहूं की कटाई करवाने के लिए आए हुए थे। इसी दौरान उनके सिर पर बांधा गमछा अचानक थ्रेसर मशीन के पट्‌टे में फंस गया। इसी पट्‌टे ने झटके से घनश्याम को खींच लिया और उनका शरीर मशीन में चला गया। वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही घनश्याम के टुकड़े-टुकड़े हो गए जिसके बाद गांव वालों ने मलारना डूंगर थाने को सूचना दी।

मौके पर प्रभारी जितेंद्र सिंह सोलंकी टीम के साथ पहुंचे। मशीन के अंदर बॉडी के टुकड़े फंसे हुए थे। मशीन ऊपर से खोलकर एक-एक टुकड़े को इकट्‌ठा कर कट्‌टे में बांधा गया। यह सब देखकर मौके पर मौजूद लोगों का कलेजा मुंह को आ गया था। मशीन से एक-एक टुकड़े को इकट्‌ठा किया गया और कट्‌टे में बांधकर मलारना चौड़ सीएचसी पहुंचाया गया। थाना प्रभारी ने कहा कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव दामाद-बेटी को सौंप दिया गया है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *