मालिक ने डांटा तो नाबालिग ने किए चाकू से 11 वार

कानपुरः यूपी के कानपुर से एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक दुकान के मालिक द्वारा वहां काम करने वाले नाबालिग लड़के को डांटने पर उस लड़के ने दुकान मालिक पर चाकु से कई वार कर दिए। घटना की सूचना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुकान मालिक को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना कानपुर के नवीन मार्केट की है। यहां जूते का शोरूम चलाने वाले राजू हरगुनानी शुक्रवार रात 9 बजे दुकान बंद करने जा रहे थे. उसी समय उनकी दुकान पर काम करने वाला 14 साल का लड़का वहां आया। उसने पहले राजू से कुछ बहस की, इसके बाद चाकू से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। नाबालिग ने दुकान मालिक पर चाकू से 11 वार किए। खून से लथपथ राजू शोरूम में गिर पड़े ओर हमलावर वहां से फरार हो गया। दुकान मालिक की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे ओर राजू को तुरंत शहर के रीजेंसी अस्पताल ले जाया गया।

इस घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जायजा लिया। उन्होंने कहा कि नाबालिग लड़के ने दुकानदार के डांटने पर उनकी दुकान में आकर चाकू से हमला किया। आरोपी को पकड़ लिया गया है। 14 वर्षीय आरोपी लड़का चमनगंज में रहता है। इस घटना के बाद नवीन मार्केट के शोरूम मालिकों में दहशत है। लोगों का कहना है कि काम बढ़ने पर हम लड़कों को रख लेते हैं, लेकिन सिर्फ डांटने पर कोई इस तरह हमला कर देगा तो कैसे चलेगा।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *