पंजाबः दुकानदार को अगवा करके हथियार के बल 70 हजार लूटने के मामले में 4 गिरफ्तार, देखें वीडियो

लुधियानाः जमालपुर थाने की पुलिस ने लूट गिरोह के 4 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि बीते दिन दुकानदार को अगवा करके हथियारों के बल पर 70 हजार रुपए लूटने की उन्हें शिकायत मिली थी। जिस पर कार्रवाई करते हुए उनकी टीम ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसीपी जसबिंदर सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले आरोपियों ने शिकायतकर्ता बलजीत सिंह की एक्टिवा को इनोवा कार से टक्कर मारकर उसका अपहरण कर लिया था और उससे 70 हजार रुपये लूट लिए थे और घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए थे।

एसीपी ने बताया कि उनकी टीम ने जाल बिछाकर उक्त आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसीपी ने बताया कि इस मामले में आरोपियों के एक अन्य साथी की गिरफ्तारी अभी बाकी है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के कब्जे से तेजधार हथियारों के अलावा एक नकली पिस्तौल भी बरामद की गई है। एसीपी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर रिमांड हासिल किया जाएगा। पुलिस ने बताया कि आरोपियों से असली पिस्तौल बरामद होने की उम्मीद है। पुलिस ने बताया कि 2 आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग थानों में लूट और डकैती और अन्य संगीन धाराओं के अधीन कई मामले दर्ज है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *