3 वाहनों में हुई भीषण टक्कर, आर्मी जवान सहित 5 की मौत

नई दिल्ली : झुंझुनूं के सिंघाना में बाइक को टक्कर मारने के बाद बेकाबू हुई स्कॉर्पियो मिनी बस से जा भिड़ी। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई। हादसा थली गांव के पास सोमवार सुबह 10.30 बजे हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि  बाइक सवार युवक, SUV सवार 3 लोगों और बस ड्राइवर की मौत हो गई। बस में सवार 20 से ज्यादा यात्री घायल हो गए। सिंघाना थानाधिकारी कैलाश चंद यादव ने बताया कि बाइक को टक्कर मारने के बाद एसयूवी सामने से आ रही बस में घुस गई। एसयूवी सवार करणवीर पुत्र शीशराम, रिंकू पुत्र बलवीर निवासी हमीरवास और कर्णवीर के भांजे राहुल की मौत हो गई। राहुल नारेडी निजामपुर का रहने वाला था।

बाइक सवार सुरेश पुत्र प्रभुदयाल ने भी मौके पर दम तोड़ दिया। सुरेश शोभाराम की ढाणी सेफरागुवार (खेतड़ी) का रहने वाला था। हादसे में बस ड्राइवर हनुमान (45) पुत्र प्रभु सिंह की भी मौत हो गई। वह मानपुरा (सिंघाना) का रहने वाला था। बस सिंघाना से बुहाना जा रही थी। जानकारी के अनुसार कार सवार करणवीर (25) पुत्र शीशराम सेना में जवान था, जो हमीरपुर का ही रहने वाला था और  छुट्‌टी लेकर ड्यूटी से घर आया था। करणवीर हाल ही में आर्मी में भर्ती हुआ था, जो जबलपुर में पोस्टेड था।

कार सवार अपने गांव हमीरवास से सिंघाना (झुंझुनूं) की तरफ जा रहे थे। हमीरवास से थली गांव की दूरी लगभग 1 किलोमीटर है। हादसा इतना भीषण था कि वाहनों के परखच्चे उड़ गए, कार पूरी तरह से पिचक गई। बस के शीशे टूट गए और ड्राइवर की लाश सामने का कांच तोड़ते हुए डैशबोर्ड पर लटक गई। टक्कर के बाद कई लोग सड़क पर उछलकर गिर गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल घायलों का इलाज किया जा रहा है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *