पंजाबः महिलाओं को एक हजार रुपए देने को लेकर सीएम मान का आया बड़ा बयान

चंडीगढ़ः पंजाब के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के पंजाब अध्यक्ष भगवंत मान ने टिब्बा रोड पर लोकसभा उम्मीदवार अशोक पराशर पप्पी के पक्ष में पूर्वी हलके के विधायक दलजीत सिंह ग्रेवाल द्वारा आयोजित रोड शो के दौरान घोषणा की कि राज्य की महिलाओं को प्रति माह 1000 रुपये जल्दी मिलने शुरू हो जाएंगे। इसके लिए सरकार ने बजट से करीब 5200 करोड़ रुपये की बचत की है, जिससे महिलाओं को दी जाने वाली पहली गारंटी अगले 5 से 7 महीने में पूरी हो जाएगी।

मान ने कहा कि यह योजना एक बार शुरू होने के बाद कभी बंद नहीं होगी। रोड शो दौरान मान ने लुधियाना को पंजाब का दिल बताया और कहा कि पंजाब की सेहत के लिए लुधियाना के दिल को स्वस्थ रखना बहुत जरूरी है और आम आदमी पार्टी इस दिशा में काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब का मैनचेस्टर कहे जाने वाले लुधियाना को व्यापार की दृष्टि से इतना मजबूत बनाया जाएगा कि दूसरे राज्यों के व्यापारी अपने दोस्तों को यहां आकर व्यापार करने के लिए प्रोत्साहित करेंगे।

दरअल, कल टिब्बा रोड पर लोगों की एक विशाल सभा को संबोधित करते हुए मान ने स्कूलों में बच्चों को दी जा रही छुट्टियों का जिक्र किया और अभिभावकों से कहा कि वे बच्चों को बताएं कि वे बाहर खेलकर ज्यादा गर्म ना हो, बल्कि घर पर बैठकर ही पढ़ाई करें। उन्होंने लोगों से आप के पक्ष में वोट करने की अपील की और कहा कि वे पोलिंग बूथ पर जाएं और मशीन पर झाड़ू का निशान दबाएं। मान ने बीजेपी प्रत्याशी रवनीत बिट्टू पर निशाना साधते हुए कहा कि बिट्टू अभी भी बीजेपी को अपने अंदर पूरी तरह से डाउनलोड नहीं कर पाए हैं। यही कारण है कि वह आज भी खुद को कांग्रेसी कहते हैं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *