तेज रफ्तार कार खड़े हाइवा से टकराई, 3 की मौ’त, 2 की हालत गंभीर

औरंगाबाद : सड़क हादसे में 3 दोस्तों की मौत हो गई। कार से 5 दोस्त वाटर पार्क जा रहे थे। इस दौरान तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े हाइवा में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। ड्राइविंग सीट के बगल में बैठे युवक का शव गाड़ी में ही फंसा रह गया। हादसा नगर थाना क्षेत्र में एनएच-19 पर शनिवार को हुआ। इस हादसे में 2 युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक युवकों की पहचान सन्नी और सोनू के तौर पर हुई है। जबकि एक युवक राजा की मौत देर शाम अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। 2 अन्य की स्थिति नाजुक बनी हुई है।

परिजनों ने बताया कि हादसे के वक्त गाड़ी की रफ्तार 140 से 150 किमी प्रति घंटे थी। हाई स्पीड होने के कारण हादसा इतना भयावह हो गया। जानकारी के अनुसार सभी युवक रोहतास के डेयरी के कचौड़ी गली के रहने वाले हैं। घायलों और मरने वालों की उम्र 20 से 30 साल के बीच बताई जा रही है। कार में सवार सभी युवक वाटर पार्क गए थे और वहां से वापस लौटने के दौरान घटना हो गई। मौके पर पहुंची नगर थाना की पुलिस ने वाहन में फंसे घायलों को निकाल कर अस्पताल में भर्ती कराया। थानाध्यक्ष उपेंद्र सिंह ने बताया कि तीनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराकर मृतक के परिजनों को सौंप दिया गया है।

मृतक के परिजनों ने बताया कि शनिवार को सभी दोस्त घर से कार में सवार होकर औरंगाबाद के चतरा मोड़ के पास स्थित वाटर पार्क घूमने के लिए निकले थे। वाटर पार्क से घर लौट रहे थे। इस दौरान क्षत्रिय नगर के पास एनएच 19 पर कार हाइवा से टकरा गई। कार की स्पीड 140 -150 के बीच थी। इस वजह से वाहन के परखच्चे उड़ गए हैं। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *