गर्मी का प्रकोप जारी, पारा 47 डिग्री के पार

नई दिल्ली: उत्तर भारत के कई हिस्सों में भीषण गर्मी का कहर जारी है। दिल्ली और यूपी के प्रयागराज में तो मंगलवार को भीषण गर्मी पड़ी। यहां का तापमान 47 डिग्री के ऊपर तक पहुंच गया। दिल्ली के नरेला और यूपी के प्रयागराज में मंगलवार को अधिकतम तापमान 47.1 दर्ज किया गया। बता दें कि मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए मंगलवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया था।  गर्मी के भीषण प्रकोप के बीच यूपी के आगरा की जनता को कुछ राहत मिली और यहां हल्की बारिश हुई।

राजस्थान के कई स्थानों पर अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि के साथ गर्मी का प्रकोप जारी रहा। जयपुर मौसम केन्द्र के एक अधिकारी ने बताया कि चूरू में मंगलवार को अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस, श्रीगंगानगर में 45.1 डिग्री, फतेहपुर और बीकानेर में 44.8 डिग्री, पिलानी में 44.7 डिग्री, संगरिया में 44.3 डिग्री, बाड़मेर में 44 डिग्री, जयपुर, अलवर एवं जैसलमेर में 43.5 डिग्री तापमान और जोधपुर और जालौर में 42.8 डिग्री दर्ज किया गया। 

हिमाचल में मौसम शुष्क रहा और हमीरपुर जिले का नेरी 44.8 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा।  हिमाचल प्रदेश स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने 12 और 13 जून को निचले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में शुष्क मौसम तथा 12 से 14 जून तक ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान जताया है। 

हरियाणा के नूंह में अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस और हिसार में अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस बीच, पंजाब में अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस और करनाल में 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *