Punjab: कहीं आप भी तो नहीं पी रहे नकली दूध, सेहत के नाम पर परोसी जा रही थी बीमारी, फैक्टरी सील

संगरूरः नजदीकी गांव कोटड़ा लेहल में नकली दूध बनाने वाले फैक्ट्री को सेहत विभाग ने सील कर दिया है। सेहत विभाग के जिला सेहत अधिकारी डॉ. बलजीत सिंह ने अपनी टीम समेत शुक्रवार को औचक कार्रवाई करते हुए गोदाम पर छापेमारी की। इससे पहले गोदाम का मालिक दूध तैयार करने के बाद कैंटर भरकर वहां से जा चुका था। जिला सेहत अधिकारी ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति नकली दूध तैयार करके कैंटर के जरिए लहरागागा व आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करता है।

जब गोदाम के मालिक को फोन किया तो उसने बहाने लगाने शुरु कर दिए। ऐसे में टीम ने गोदाम के दोनों गेट सील कर दिए। गेट के नीचे से देखने पर पता चला कि वहां रिफाइंड तेल, सूखा दूध, गैस सिलेंडर, दूध की कैनियां पड़ी हुई हैं। अधिकारी ने कहा कि गोदाम के मालिक के आने पर ही गोदाम खोलकर सैंपल लिए जाएंगे। वहीं कैंटर के जरिए दूध बेचने व खरीदने वाले पर भी कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर शहर निवासियों ने सेहत विभाग द्वारा की गई कार्रवाई पर खुशी जाहिर करते मांग की कि शहर में नकली दूध व घी का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है, जिस पर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *