Punjab News: नशा तस्करों ने पुलिस पार्टी पर किया लाठियों से हमला, ASI सहित कॉन्स्टेबल घायल

2 महिलाओं सहित 4 के खिलाफ मामला दर्ज, छापेमारी जारी

गिद्दड़बाहाः पंजाब सरकार द्वारा युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान के तहत लगातार पुलिस द्वारा तस्करों को गिरफ्तार किया जा रहा है और नशे से बनाई संपत्ति को लेकर कार्रवाई की जा रही है। वहीं इस मुहिम के तहत बेखौफ तस्करों द्वारा पुलिस टीम पर हमला करने की घटना सामने आई है। जहां पुलिस विभाग की स्पेशल स्टाफ टीम के एएसआई राज बहादुर को रास्ते पर रोक कर नशा तस्करों ने लाठियों से बेरहमी से पीटा। बीच बचाव में आए कॉन्स्टेबल जसप्रीत सिंह पर हमला कर दिया। इस मामले को लेकर थाना गिद्दड़बाहा में 2 महिलाओं सहित 4 लोगों पर हमला करने, सरकारी ड्यूटी में विघ्न डालने सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। डीएसपी अवतार सिंह राजपाल ने बताया कि आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है, जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों की ऐसी हरकतें नशे के खिलाफ लड़ाई को कमजोर नहीं कर सकतीं और नशे के खिलाफ पुलिस की जंग जारी रहेगी। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस की टीम नशे के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए भारू चौक झुग्गियों में जा रही थी। इस दौरान सूरज प्रताप सिंह उर्फ सूरज, करमजीत कौर उर्फ गग्गू पत्नी जसविंदर सिंह, अर्शदीप सिंह तथा कमलप्रीत कौर पत्नी लवप्रीत सिंह निवासी भारू चौक झुग्गियों ने उनका रास्ता रोक लिया। सूरज प्रताप सिंह और करमजीत कौर ने उन्हें चुनौती देते हुए कहा कि आज हम उन्हें जाने नहीं देंगे और इन बड़े नशा विरोधियों को हम आज ही मार गिराएंगे। इस बीच, सूरज प्रताप सिंह ने एएसआई राज बहादुर सिंह के सिर पर लाठी से वार किया, जबकि करमजीत कौर ने लाठी से उसकी पीठ पर वार किया और अर्शदीप सिंह ने उक्त लाठी से राज बहादुर सिंह के दाहिने हाथ पर वार किया, जिससे वह जमीन पर गिर गया। जब कॉन्स्टेबल जसप्रीत सिंह बीच बचाव में आया तो कमलप्रीत कौर ने उसके दाहिने हाथ पर लाठी से वार कर दिया। इसके बाद उक्तान ने जमीन पर गिरे राज बहादुर सिंह प्रहार किए, जिससे उनके बाएं हाथ की अंगुलियों में चोट आई। पुलिस कर्मचारियों की चीख पुकार सुनकर और लोगों को इकट्ठा होते देख हमलावर अपने हथियारों सहित घटनास्थल से भाग गए। इसके बाद कॉन्स्टेबल जसप्रीत सिंह ने उसे सिविल अस्पताल गिद्दड़बाहा में भर्ती कराया जहां उसका इलाज चल रहा है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *