बनगढ जेल सहायक अधीक्षक को जान से मारने की गैंगस्टर ने दी धमकी

एसपी ऊना ने जेल की सुरक्षा को लेकर समय समय पर कदम उठाए जाने की कही बात
 
ऊना/सुशील पंडित : ऊना में बनगढ स्थित जेल में तैनात सहायक अधीक्षक को जान से मारने की गैंगस्टर ने धमकी दी है। कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के ग्रुप ने जिला ऊना के बनगढ़ में स्थित जेल में तैनात एक अधिकारी को जान से मारने की धमकी दी है। हिमाचल प्रदेश की जेलों में पंजाब सहित अन्य राज्यों के कई गैंगस्टर और विभिन्न गैंग से जुड़े शातिर अपराधी ट्रायल  पर चल रहे हैं। गोल्डी बराड़ वही गैंगस्टर है जिसके लॉरेंस विश्नोई गैंगस्टर के साथ गहरे रिश्ते होने की बात सामने आई थी, ऊना में अधिकारी को मिली धमकी के बाद पुलिस विभाग अलर्ट हो गया है।
ऊना की जेल में बंद हैं कई गैंगस्टर
बनगढ़ जेल सहायक अधीक्षक को गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ग्रुप द्वारा धमकी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। माना जा रहा है कि हिमाचल प्रदेश की जेलों में पंजाब के कुछ गैंगस्टर और कई गैंग के लोग विभिन्न मामलों में बंद हैं। इसी के मद्देनजर जेल विभाग के सहायक अधीक्षक को गोल्डी बराड़ ग्रुप द्वारा धमकी दिए जाने के साथ जोड़ कर देखा जा रहा है। ऊना की जेल में पंजाब और हिमाचल के कई गैंगस्टर विभिन्न मामलों में कैद हैं, जिनका ट्रायल विभिन्न अदालतों में चल रहा है। इन्ही से जुड़े आरोपियों के चलते गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के ग्रुप से जेल सहायक अधीक्षक को धमकी मिलने का ख़ुफ़िया इनपुट हिमाचल पुलिस को मिला है, जिसके बाद पुलिस प्रशासन इस मामले की जांच में जुट गया है।
सुपरिटेंडेंट पुलिस ऊना राकेश सिंह ने सीधे तौर पर इस धमकी के बारे में कुछ नहीं कहा लेकिन उनका कहना है कि पुलिस विभाग द्वारा जेल अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। इस मामले में कार्रवाई करते हुए कड़ी निगाह रखी जाएगी और साथ ही साथ पेट्रोलिंग को भी बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जेल में कई प्रकार के अपराधी आपराधिक घटनाओं को लेकर बंद रहते हैं इसलिए पुलिस विभाग पूरी मुस्तैदी के साथ नजर बनाये हुए है। लेकिन इस प्रकार की धमकी को लेकर पत्र न मिलने की बात भी की है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *