लिफ्ट में फंसी महिला, बचाते समय तीसरी मंजिल से गिरी, मौत

राजस्थानः कोटा में एक लिफ्ट में फंसी 43 वर्षीय महिला की इमारत की तीसरी मंजिल से बेसमेंट में गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि महिला घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी और यहां बहुमंजिला अपार्टमेंट में करीब 45 मिनट तक लिफ्ट में फंसी रही, जिसे बचाने के लिए एक अभियान चलाया गया, लेकिन इस दौरान उसकी गिरकर मौत हो गई।
पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव उसके परिजनों को सौंप दिया। मृतक महिला की पहचान शहर के आरके पुरम थाना क्षेत्र के श्याम नगर की रहने वाली रुक्मणीबाई (43) के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि जब काम खत्म कर महिला अपने घर लौटने के लिए फ्लैट से निकलकर लिफ्ट में चढ़ी तो बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण अंदर फंस गई। उसी मंजिल पर रहने वाली कुछ महिलाओं ने मदद के लिए उसकी चीख सुनी और उसे बचाने के लिए दौड़ी।

महिलाओं द्वारा चलाए बचाव अभियान के दौरान महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह बारिश के पानी से भरे बेसमेंट में गिर गई। उसे तुरंत बेसमेंट से बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस उपाधीक्षक मनीष शर्मा ने बताया कि पुलिस ने अपार्टमेंट के तीन मालिकों महेश कुमार, विनोद कुमार और पवन कुमार के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *