कल से अनिश्चितकाल तक School रहेंगे बंद, जानें मामला

नर्मदापुरम: जबलपुर के बाद अब नर्मदापुरम प्रशासन ने प्राइवेट स्कूलों पर सख्त कदम उठाए हैं। शिक्षा विभाग ने फीस बढ़ाने पर 79 स्कूलों की लिस्ट बनाई है। इन स्कूलों ने 10% से 200% तक फीस बढ़ाई है। स्कूल के मैनेजमेंट को 15, 16 और 18 जुलाई को कार्यालय बुलाया गया है। सेशन 2020-21 से 2023-24 तक बढ़ाई गई फीस की जानकारी मांगी गई है।

जिला शिक्षा अधिकारी एसबीएस बिसेन के मुताबिक 79 स्कूल में से 23 स्कूलों को पहले नोटिस जारी किए गए। 14 स्कूल बढ़ी हुई फीस पेरेंट्स को लौटाने को तैयार हैं। बाकी 56 स्कूलों को पक्ष रखने का मौका दिया है। इन्हें भी जिला शिक्षा समिति नोटिस जारी करेगी। जवाब नहीं मिलने पर इन स्कूलों पर 2-2 लाख रुपए का जुर्माना समेत संचालक को सजा हो सकती है।

उधर, शिक्षा विभाग के इस एक्शन पर जिले भर के सभी स्कूलों ने 15 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल करने की घोषणा कर दी है। कल से सभी प्राइवेट स्कूल बंद रहेंगे। प्राइवेट स्कूल संचालकों के संगठन सोसाइटी फॉर प्राइवेट स्कूल डायरेक्टर्स के जिला अध्यक्ष आलोक राजपूत का कहना है कि शिक्षा विभाग के पोर्टल में खामियां हैं। इस वजह से स्कूल संचालकों को जानकारी अपलोड करने में दिक्कत आ रही है। हम अपनी बात शिक्षा मंत्री तक रखेंगे। हल नहीं निकला तो प्रदेश स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।

स्कूल मैनेजमेंट अगर 10% से ज्यादा फीस बढ़ाता है, तो इस स्थिति में उसे जिला शिक्षा समिति से परमिशन लेना जरूरी है। फीस क्यों बढ़ा रहे हैं? इसकी वजह भी बतानी होती है। अगर फीस बढ़ोतरी 10% से कम भी करते हैं, तब भी जिला शिक्षा समिति को इसकी सूचना देना जरूरी है या फिर यह जानकारी एजुकेशन पोर्टल पर भी अपलोड की जा सकती है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के अनुसार जानकारी मांगने पर 80% स्कूलों ने फीस की जानकारी पोर्टल पर अपलोड की। 79 स्कूलों के नाम सामने आए हैं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *