आलू के लिए सब्जी विक्रेता को मारी गोली

आगरा:  उत्तर प्रदेश के आगरा में आलू की कीमत को लेकर हुए विवाद में युवकों ने सब्जी विक्रेता को गोली मार दी। पीड़ित की पहचान शिव कुमार के तौर पर हुई है। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि गोली पीड़ित के कान को छूकर निकल गई। दुकानदार को गोली मारने के बाद हमलावर मौके से भागने लगे, लेकिन उनमें से एक को लोगों ने पकड़ लिया। जानकारी के मुताबिक दुकानदारों ने पकड़े गए युवक की जमकर पिटाई की और पुलिस के आने पर ही उसे छोड़ा। जिसके बाद दुकानदार और घायल आरोपी दोनों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

पुलिस ने बताया कि घटना ट्रांसयमुना थानाक्षेत्र के अंतर्गत विकास नगर की सब्जी मंडी में दिन के समय हुई। पुलिस ने बताया कि दुकानदारों ने मौके से भाग रहे हमलावरों में से एक को दबोच लिया और उसकी जमकर पिटाई की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को छुड़ाया और घायल सब्जी विक्रेता और हमलावर को भी अस्पताल में भर्ती कराया। थाना प्रभारी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि मौके से फरार हुए बाकी हमलावरों की तलाश की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान शहजाद के रूप में हुई है। प्रभारी ने  बताया कि शहजाद दोपहर के समय शिवकुमार से आलू खरीदने आया था और दोनों के बीच आलू की कीमत को लेकर विवाद हो गया। उन्होंने बताया कि आसपास के दुकानदारों ने उस समय बीच-बचाव किया जिसके बाद आरोपी वहां से चला गया लेकिन शाम को वह अपने साथियों के साथ मंडी पहुंचा और सब्जी विक्रेता पर गोली चला दी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *