AirPort से Pearl Group का Director गिरफ्तार, विदेश भागने की फिराक में था आरोपी

मोहालीः पंजाब विजिलेंस ब्यूरो की विशेष जांच दल (एसआईटी) ने 50 हजार करोड़ के घोटाले से जुड़े पर्ल्स एग्रोटेक ग्रुप में बेला विस्टा डेवलपर और सनरंजीवन इंफ्रास्ट्रक्चर एंड प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के भगोड़े आरोपी निदेशक प्रशांत मांजरेकर को मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार प्रशांत मांजरेकर दुबई भागने की फिराक में था। एसआईटी की टीम ने गुप्त जानकारी के आधार पर मुबंई एयरपोर्ट से प्रशांत को गिरफ्तार किया है। आरोपी मांजरेकर का ट्रांजिट रिमांड ले लिया गया है और उसे पंजाब की संबंधित अदालत में पेश किया जाएगा।

वहीं मामले की जानकारी देते हुए विजिलेंस ने बताया कि आरोपी गांव घोलूमाजरा तहसील डेराबस्सी, जिला एसएएस नगर में पीएसीएल लिमिटेड की संपत्तियों की गैर कानूनी बिक्री में संलिप्तता के संबंध में पुलिस स्टेशन सदर सिटी जीरा जिला फिरोजपुर में 16 जुलाई, 2020 को कई मामलों में वांछित था। आरोपी को पता था कि सुप्रीम कोर्ट ने पहले ही पीएसीएल लिमिटेड को गांव घोलूमाजरा व अन्य स्थानों पर पीएसीएल कंपनी की किसी भी प्रकार की संपत्ति बेचने पर प्रतिबंध लगाया हुआ है।

विजिलेंस के अधिकारी ने बताया कि फेनोमेनल कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड और सनरंजीवन इंफ्रास्ट्रक्चर एंड प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशकों व प्रमोटरों ने अन्य लोगों की मिलीभगत से वर्ष 2018-19 में गांव घोलूमाजरा में पीएसीएल की अदालत की ओर से विवादित घोषित की गई 115 बीघा जमीन पर बेला विस्टा-01 और बेला विस्टा-02 नाम से दो कॉलोनियां तैयार की हैं। आरोपी डेवलपर्स ने दोनों कॉलोनियों में लोगों को प्लॉट व मकान बेचकर मोटी कमाई की, जिसके कारण विजिलेंस ब्यूरो ने इस मामले में इन कंपनियों के प्रमोटरों को नामजद किया है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *