गुरु पूर्णिमाः बाबा बाल जी से हजारों शिष्यों ने लिया आशीर्वाद

ऊना/सुशील पंडित: श्री राधा कृष्ण मंदिर कोटला कलां में गुरु पूर्णिमा के दिन हजारों भक्तों ने भगवान श्री कृष्ण की पूजा अर्चना के बाद अपने प्रिय गुरु बाबा बाल जी महाराज से आशीर्वाद लिया। किमी से भी लंबी लाइन में बाबा बाल जी के शिष्यों ने सपरिवार भगवान स्वरूप बाबा बाल जी को माथा टेका और उनकी स्तूति की। भक्तों ने बाबा बाल जी पर पुष्प वर्षा की और बाबा जी ने भी अपने शिष्यों को प्रसाद और ढेरों आशीर्वाद व शुभकामनाएं दी।
कोटला कलां के प्रसिद्ध श्री राधा कृष्ण मंदिर और बाबा बाल जी महाराज से ऊना के लाखों लोग जुड़े हुए हैं। बाबा जी से जुड़े एक भक्त ने बताया कि बाबा बाल जी ने सत्य सनातन वैदिक धर्म की शिक्षाओं को ऊना के जन जन तक पहुंचाने का काम किया है। अंधकार में जी रहे लोगों को जब से बाबा बाल जी का आशीर्वाद और प्रेम मिला है तब से इस क्षेत्र के विकास की गति कई गुणा बढ़ गई है।
उनका स्नेह और उनका प्रताप इतना दिव्य है कि जिसे भी बाबा जी आशीर्वाद देते हैं उसकी सदा चढ़ाई ही रहती है। घर में सुख समृद्धि बढ़ती है और परिवार का वातावरण सनातनी हो जाता है। बाल्य काल से भक्ति में रमे बाबा बाल जी अब वृद्ध हो रहे हैं। इसके उपरांत भी गुरु पूर्णिमा के दिन गर्मी और उमस में घंटों सुखासन में बैठ हजारों शिष्यों को अपने हाथ से आशीर्वाद व प्रसाद देते समय भी उनके चेहरे का तेज देखते ही बनता था।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *