बड़ा हादसा: दीवार गिरने से चार बच्चों की मौत, दो लोग घायल

रीवा। मध्यप्रदेश के रीवा से एक बड़ी खबर सामने आई है। जहां, एक खाली पड़े भवन की दीवार गिर जाने से चार बच्चों की मौत हो गई और एक महिला एवं एक बच्चा घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि यह घटना गढ़ थाना क्षेत्र के एक निजी स्कूल के पास हुई है। घटना संबंधी पुलिस महानिरीक्षक महेंद्र सिंह सिकरवार ने संवाददाताओं को बताया कि ‘सनराइज पब्लिक’ स्कूल के बच्चे घर जा रहे थे, तभी पास में ही एक खाली पड़े भवन की दीवार उनके ऊपर गिर गई। जिससे यह हादसा हो गया।

जिलाधिकारी प्रतिभा पाल ने बताया कि बच्चे उस समय एक ‘केयरटेकर’ के साथ घर जा रहे थे तथा जब तक उन्हें मलबे से बाहर निकाला गया, तब तक चार की मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि एक महिला और एक अन्य बच्चे को चोटें आई हैं, जिन्हें आगे के इलाज के लिए रीवा ले जाने की सलाह दी गयी।

पाल ने बताया कि मौके पहुंची टीम मलबा हटा रही है। मामले की जांच की जाएगी और प्रभावित परिवारों को जल्द ही राहत राशि दी जाएगी। अधिकारियों के अनुसार इस हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों की पहचान अंकिता गुप्ता (पांच), मान्या गुप्ता (सात), सिद्धार्थ गुप्ता (पांच) और अनुज प्रजापति (पांच) के रूप में हुई है।

वहीं, मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि आज रीवा में दीवार गिरने से चार बच्चों की मृत्यु की खबर अत्यंत ही दुखद है। ग्राम गढ़ में निजी विद्यालय के समीप दीवार गिरने से 5 से 8 साल तक आयु के मासूम असमय काल के गाल में समा गए। ईश्वर से करबद्ध प्रार्थना है कि दिवंगत बच्चों की आत्मा को शांति प्रदान करें।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *