मिनी Punjab Hotel के पास हिंदू नेता व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का गोलियां मारकर कत्ल, NH-33 किया जाम, देखे वीडियो

Written by

in

जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर में करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और झारखंड प्रदेश अध्यक्ष विनय सिंह का सरेआम गोलियां मारकर कत्ल कर दिया गया। घटना मानगो बालीगुमा क्षेत्र में मिनी पंजाब होटल के पास एक गली में हुई है। मोबाइल लोकेशन के जरिए पुलिस ने उनका शव बरामद किया है। विनय सिंह का शव एनएच-33 पर दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल मोड़ से करीब 500 मीटर अंदर खेत में पड़ा हुआ मिला। उनके सिर में गोली मारी गई थी। मौके से विनय की स्कूटी और पिस्तौल बरामद की गई है। हाथ और पैर में चोट के कई निशान भी मिले हैं।

इस घटना को लेकर करणी सेना में भारी रोष पाया जा रहा है। करणी सेना के सदस्यों ने आगजनी के बाद एनएच जाम कर दिया। 3 घंटे बाद सिटी एसपी के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी माने। इसके बाद देर रात 1 बजे एनएच-33 से जाम खत्म हुआ। इससे पहले डिमना रोड आस्था स्पेश टाउन निवासी विनय सिंह की हत्या घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में करणी सेना के समर्थक घटनास्थल पर पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-33 और डिमना चौक को जाम कर हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने इसे सुनियोजित हत्या करार देते हुए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है और सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है। करणी सेना के नेताओं ने 48 घंटे में हत्यारों की गिरफ्तारी न होने पर उग्र आंदोलन और झारखंड बंद की चेतावनी दी है।

वहीं हालात को बिगड़ते देख पटमदा डीएसपी बचनदेव कुजूर, उलीडीह थाना प्रभारी कुमार अभिषेक, मानगो थाना प्रभारी निरंजन कुमार और सिदगोड़ा थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी मौके पर पहुंचे और किसी तरह भीड़ को शांत कराया। आक्रोशित भीड़ पुलिस को शव नहीं उठाने दे रही थी। बाद में पुलिस ने लोगों को शांत करवाकर शव को एमजीएम अस्पताल भेजा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है, लेकिन हत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। हालांकि कुछ लोग इसे राजनीतिक तनाव या निजी दुश्मनी से जोड़कर देख रहे हैं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *