24 दिन पहले रांची से लापता लड़की बरामद, ट्रक ड्राइवर ने रेप कर राजधानी में फेंका

रांची। झारखंड के रांची से पिछले महीने लापता 13 वर्षीय लड़की को उत्तर प्रदेश के लखनऊ से बरामद कर लिया गया है। उसने बताया कि रविवार को तमार पुलिस थाने में मामला दर्ज किए जाने के बाद दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। लड़की के परिजनों ने बताया कि वह 16 अगस्त को स्कूल से वापस नहीं लौटी, जिसके बाद उन्होंने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। तमार थाने के प्रभारी रोशन कुमार के अनुसार, लड़की ने जांचकर्ताओं को बताया कि 16 अगस्त को एक युवक उसे बुंडू बस स्टैंड लेकर गया और बाद में एक अन्य युवक उसे पटना ले गया।

थाना प्रभारी ने लड़की के बयान का हवाला देते हुए कहा, ‘‘दूसरा व्यक्ति पटना में उसे एक ट्रक में छोड़कर भाग गया। ट्रक चालक ने कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया और उसे लखनऊ में फेंक गया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमने रविवार को दर्ज प्राथमिकी के आधार पर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। उसके बयान में कई कड़ियां गायब हैं। हम विभिन्न तरीकों से उन्हें जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं।’’ उन्होंने बताया कि दुष्कर्म और मानव तस्करी के अलावा यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस उपाधीक्षक रतिभान सिंह ने बताया, ‘‘हमने जांच शुरू कर दी है और प्राथमिकी में पीड़िता द्वारा किए गए दावों की पुष्टि कर रहे हैं।’’ गुमशुदगी की शिकायत दर्ज होने के बाद से मामले पर नजर रख रहे बाल अधिकार कार्यकर्ता बैद्यनाथ कुमार ने दावा किया कि लड़की को पटना में एक ट्रक चालक को बेच दिया गया था। उन्होंने दावा किया, ‘‘लड़की को स्थानीय पुलिस ने 20 अगस्त को लखनऊ में पाया था। इसके बाद उन्होंने बिना कोई प्राथमिकी दर्ज किए उसे लखनऊ स्थित राजकीय बालिका गृह को सौंप दिया।’’

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *