प्रेमिका से मिलने गए नाबालिग युवक को घरवालों ने पकड़ा, जबरदस्ती करवाई शादी

Written by

in

परिजनों ने पुलिस अधिकारी पर लगाए गंभीर आरोप

गोरखपुरः जिले मेें प्रेमिका के घर पहुंचे किशोर की लोगों द्वारा पकड़कर शादी करवाने का मामला सामने आया है। दरअसल, 16 वर्षीय प्रेमी रात 12 बजे 23 साल की प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था। परिवार के लोगों ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया और किशोर से युवती की मांग भरवा दी। शनिवार सुबह दोनों पक्ष थाने पहुंचे। किशोर के परिवार ने लड़की को अपनी बहू स्वीकार कर लिया और दोनों पक्षों में मंदिर में शादी करने की बात पर सुलह समझौता हो गया। जानकारी मुताबिक, पिपराइच इलाके का रहने वाला किशोर पिछले एक सप्ताह से गुलरिहा इलाके की युवती से मिलने रात में उसके घर जा रहा था। शुक्रवार रात करीब 12 बजे जब किशोर युवती के घर में घुसा तो पड़ोसियों ने देख लिया। इस पर युवती की मां को सूचना दी। घरवालों और पड़ोसियों ने मिलकर जब कमरे की तलाशी ली तो किशोर और युवती आपत्तिजनक स्थिति में मिले। किशोर ने युवती के साथ शादी करने की बात कही जिसके बाद लड़की के घरवालों ने मौके पर किशोर से युवती की मांग भरवा दी। परिजनों को शक था कि किशोर या उसका परिवार बाद में इनकार कर सकता है, इसलिए रात में ही लिखा-पढ़ी के लिए थाने पहुंचे। युवती के परिजनों का आरोप है कि थाने में ड्यूटी पर मौजूद दीवान लोअर और टीशर्ट में नशे की हालत में था। वह ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। दीवान ने गाली देकर उन्हें थाने से भगा दिया और किशोर को पकड़कर हवालात में बंद कर दिया। शनिवार सुबह दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से मंदिर में शादी कराने का फैसला किया। इसके बावजूद किशोर को शाम तक थाने के हवालात में बंद रखा गया जिसकी परिजनों ने नाराजगी जताई। उनका कहना था कि जब दोनों पक्षों में समझौता हो गया तो फिर लड़के को थाने में क्यों रखा गया है। गोरखपुर के एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि घर में घुसे युवक को पकड़कर युवती के घरवाले थाने लेकर आए थे। दोनों पक्षों ने थाने में समझौता कर लिया। लड़की पक्ष कानूनी कार्रवाई नहीं करना चाहता था। पुलिस ने दोनों पक्षों की सहमति के आधार पर दोनों को परिजनों को सौंप दिया।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *