BJP नेता के बेटे ने Pakistani लड़की से किया Online निकाह, PM Modi से लगाई गुहार

जौनपुर: सीमा हैदर के बाद अब यूपी के जौनपुर में भी एक पाकिस्तानी दुल्हन आने वाली है, लेकिन इस बार ये दुल्हन बकायदा निकाह करके आएगी। इंतजार है तो सिर्फ भारत की तरफ से वीजा मिलने का। यहां के एक भाजपा नेता के बेटे की शादी शुक्रवार की रात पाकिस्तान मूल की युवती के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई। इसके गवाह सैकड़ों लोग बने।

जौनपुर शहर के मखदूम शाहअढ़हन निवासी तहसीन शाहिद भाजपा सभासद हैं। तहसीन शाहिद ने अपने बड़े बेटे मोहम्मद अब्बास हैदर की शादी पाकिस्तान के लाहौर में रहने वाले एक रिश्तेदार की बेटी अंदलीब ज़हरा से तय कर दी थी। शादी के लिए 18 अक्टूबर 2024 की तारीख तय हुई। तारीख तय होते ही पाकिस्तान बरात ले जाने के लिए तैयारियां शुरू हो गईं। तहसीन शाहिद ने इसके लिए वीजा भी अप्लाई किया।

दूल्हा पक्ष ने पाकिस्तान बरात ले जाने के लिए वीजा अप्लाई तो कर दिया, लेकिन भारत सरकार की तरफ से वीजा जारी नहीं हो सका। शादी का दिन नजदीक आ रहा था। दोनों पक्षों की धड़कनें बढ़ने लगी थीं। इसी बीच दुल्हन की मां राना यास्मीन जैदी की तबीयत खराब हो गई। उनको नाजुक हालत में आईसीयू में भर्ती कराना पड़ा। दूल्हा पक्ष भी इससे परेशान हो उठा।

दुल्हन की मां आईसीयू में भर्ती हुईं तो दूल्हा पक्ष भी परेशान हो गया। ऐसी हालत में भाजपा नेता तहसीन शाहिद ने लाहौर फोन लगाया। टेलीफोन पर हालचाल लेने के बाद शादी के सिलसिले में बातचीत की। वीजा मिलने की अड़चनों और दुल्हन की मां का आईसीयू में भर्ती होने पर शादी में देरी की बात होने लगी। इसके बाद दोनों तरफ से ये फैसला लिया गया कि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ऑनलाइन निकाह कर लिया जाए। बाद में जब वीजा जारी होगा तो विदाई हो जाएगी।

ऑनलाइन शादी कराने का फैसला हुआ तो शुक्रवार को बकायदा भाजपा नेता के घर से बारात निकली। घोड़े और रोड लाइट की व्यवस्था की गई। देर रात इमामबाड़ा कल्लू मरहूम में बारात पहुंची और यहां उसकी खातिरदारी भी की गई। तहसीन शाहिद अपने साथ सैकड़ों बारातियों को लेकर पहुंचे थे। यहां ऑनलाइन निकाह की सारी तैयारियां की गई थीं। बड़ी टीवी स्क्रीन पर सभी के सामने ऑनलाइन निकाह करवाया जाना था। इसके बाद स्क्रीन पर एक तरफ दूल्हे का परिवार और दूसरी तरफ दुल्हन का परिवार दिखाई दिया।

इस निकाह को कराने के लिए दूल्हा पक्ष से शिया धर्म गुरु मौलाना महफूजुल हसन खान शामिल हुए। उन्होंने दुल्हन से ऑनलाइन निकाह की इजाजत ली। इसके बाद दोनों का निकाह पढ़ा गया। निकाह होने के बाद दूल्हा मोहम्मद अब्बास हैदर और तहसीन शाहिद ने पीएम मोदी से अपील की है। गुहार लगाई कि जल्द अंदलीब ज़हरा को वीजा मिल जाए, जिससे वो अपने ससुराल भारत आ सके।

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *