Punjab News: ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद हाई अलर्ट जारी, मेडिकल व पुलिस अधिकारियों की छुट्टियां कैंसिल

Written by

in

मोहालीः भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों पर मिसाइलें दाग कर उन्हें तबाह कर दिया। इससे बेचैन पाकिस्तान सीमा पर गोलीबारी कर रहा है। इसे ध्यान में रखते हुए सरहदी राज्यों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। भारत की पाक पर की गई कार्रवाई के बाद सीमावर्ती राज्य पंजाब में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है। इस बीच, पंजाब पुलिस ने अपने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द करने का आदेश दिया है।

इसके साथ ही, अमृतसर के श्री गुरु राम दास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को अगले आदेश तक पूरी तरह बंद कर दिया गया है। वहीं चंडीगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं को भी आपातकालीन स्थिति के लिए तैयार रखने के निर्देश जारी किए गए हैं, जिसमें सभी मेडिकल अधिकारियों और स्टाफ की छुट्टियां रद्द कर 24/7 आपातकालीन ड्यूटी के लिए तैयार रहने को कहा गया है।

इसके अलावा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, चंडीगढ़ यूटी के मिशन हेल्थ डायरेक्टर ने एक आदेश जारी करते हुए AAMs एवं UAAMs में तैनात सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी हैं। आदेश में कहा गया है कि सभी कर्मचारी 24 घंटे और 7 दिन आपातकालीन ड्यूटी के लिए तैयार रहें। यदि उन्हें कहीं भी और कभी भी ड्यूटी के लिए बुलाया जाता है, तो उन्हें तुरंत रिपोर्ट करना होगा। उन्हें 24 घंटे उपलब्ध रहना होगा और तुरंत कॉल का जवाब देना होगा, अन्यथा सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होता है और अगले आदेश तक जारी रहेगा।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *