नई दिल्लीः जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली देने वाली लड़की ने सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली है। दरअसल, इसका वीडियो इंटरनेट पर सामने आने के बाद सुप्रीम कोर्ट की वकील स्मृति सिंह चंदेल ने उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस जब रुचिका के सेक्टर 18 स्थित फ्लैट पर पहुंची तो वह वहां नहीं मिली। इस बीच, शुक्रवार रात एक वीडियो जारी कर रुचिका सिंह ने हाथ जोड़कर देशवासियों से माफी मांगी है। उसने दावा किया कि वह मात्र 15 साल की है।
वहीं देर रात पीएम मोदी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी किया था जिसमें उन्होंने कहा था कि जिन बच्चों ने पिछले कुछ दिनों में उन्हें और उनकी मां को भद्दी-भद्दी गालियां दी हैं उन बच्चों को गले लगाने का समय है। पीएम ने कहा था कि यह गुमराह बच्चे हैं, इन्हें सही दिखाना हमारा कर्तव्य है। पीएम के इस वीडियो के कुछ घंटे बाद ही रुचिका सिंह नाम की लड़की का माफी वाला वीडियो सोशल मीडिया पर रिलीज हुआ। वीडियो में रुचिका सिंह कहती हैं- ‘मैं अपने दोस्तों के साथ कनॉट प्लेस गई थी। वहां छात्रों का आंदोलन चल रहा था। वहां कई लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गालियां दे रहे थे।
उन लोगों के प्रभाव में आकर मैंने भी गलत शब्दों का प्रयोग किया। मैं मात्र 15 साल की हूं। मैंने जो करा वो माफी के लायक नहीं था। मैंने बहुत गंदी चीजें बोली हैं पर ये मेरी पहली और आखिरी गलती होगी। इसके बाद मैं ऐसा कभी कुछ नहीं करूंगी। मैं पूरे देश से माफी मांगती हूं। मैं इतनी शर्मिंदा हूं कि अपनी नजरें भी नहीं उठा पा रही हूं। मुझे प्लीज माफ कर दीजिए।’ बता दें कि इससे पहले रुचिका की मां ने नोएडा के थाने में पुलिस के पास लिखित माफीनामा लगाया था। उन्होंने अपनी बेटी को माफ किए जाने की अपील की थी। बताया जा रहा है कि रुचिका मूलरूप से हरियाणा के फरीदाबाद की रहने वाली है। उसने इसी साल जनवरी में नोएडा में फ्लैट खरीदा है। वह एक ब्यूटी पॉर्लर में काम करती है।
