चंडीगढ़ः सेक्टर-22 में युवक पर हुए कथित जानलेवा हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में 15 से 20 युवक एक युवक को घेरकर उसकी बेरहमी से पिटाई करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, फिलहाल इस मामले में पुलिस को कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पता चला कि यह घटना दो दिन पहले देर रात सेक्टर-22 क्षेत्र की है। वीडियो में साफ दिखाई देता है कि कई युवक तीन अलग-अलग गाड़ियों में मौके पर पहुंचते हैं।
इसके बाद सभी युवक एक युवक को चारों ओर से घेर लेते हैं और उस पर हमला कर देते हैं। हमलावर युवक को सड़क पर गिराकर लगातार मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमले के दौरान तेजधार हथियारों का इस्तेमाल किए जाने की भी आशंका जताई जा रही है। मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने पूरी घटना अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सरेआम इस तरह की घटनाएं होती रहेंगी तो आम नागरिकों की सुरक्षा पर सवाल उठना स्वाभाविक है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, हमले में घायल युवक की पहचान सुमित के रूप में हुई है।
वहीं, हमलावरों की पहचान अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। मीडिया शिकायतकर्ता से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने कैमरे के सामने आने से इनकार कर दिया और अपनी पहचान सार्वजनिक न करने की बात कही। इसके चलते घटना से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य अभी सामने नहीं आ पाए हैं। फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमले के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या कोई अन्य कारण था। वायरल वीडियो में जिस तरह बड़ी संख्या में युवक एक अकेले युवक पर हमला करते नजर आ रहे हैं, उसने शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
इस मामले में पुलिस के डीएसपी सेंट्रल ने कहा कि उनके पास अब तक इस लड़ाई-झगड़े के संबंध में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि यदि पीड़ित पक्ष शिकायत दर्ज कराता है, तो वायरल वीडियो और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अब सभी की नजर इस बात पर है कि पीड़ित पक्ष पुलिस में शिकायत दर्ज कराता है या नहीं। शिकायत मिलने के बाद ही पुलिस इस वायरल वीडियो की जांच शुरू कर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी।
