पंचकूलाः पुलिस कमिश्नर पंकज नैन के नेतृत्व में पुलिस की विभिन्न टीमें अवैध हथियार तस्करों की धरपकड़ में जुटी हुई है। इसी कड़ी में क्राइम ब्रांच-3 (डिटेक्टिव स्टाफ का बदला हुआ नाम) की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध सिंगल बैरल बंदूक और कारतूस सहित गिरफ्तार किया। आरोपी से पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड लिया गया, जिसके बाद आज उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
View this post on Instagram
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार, 28 जुलाई को क्राइम ब्रांच-3 की टीम को सूचना मिली कि गाँव ओरिया निवासी राजीव कुमार उर्फ फजनु अवैध हथियार लेकर गाँव माजरा मैहताब से कालका जाने वाली सड़क पर स्थित ईंट भट्ठे के पास किसी का इंतजार कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने इंचार्ज तजिंदर पाल सिंह की अगुवाई में तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और बताए गए हुलिये के आधार पर युवक को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध सिंगल बैरल बंदूक तथा उसकी पैंट की जेब से एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
इस संबंध में थाना कालका में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया, जहां उससे पूछताछ की गई। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद आज आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
