ऊना,सुशील पंडित: राजकीय महाविद्यालय ऊना की रोवर्स एवं रेंजर्स इकाई द्वारा 01 अगस्त 2026 को बाबा बालक नाथ मंदिर परिसर में विश्व स्काउट स्कार्फ दिवस (World Scout Scarf Day) एवं इन्वेस्टिचर समारोह का आयोजन उत्साह एवं सेवा भावना के साथ किया गया, जिसमें 48 रोवर्स एवं रेंजर्स ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्काउट प्रार्थना से हुआ। इस अवसर पर रोवर स्काउट लीडर डॉ. शाम सिंह बैन्स ने विश्व स्काउट स्कार्फ दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दिवस स्काउटिंग की एकता, सेवा, अनुशासन, नेतृत्व एवं विश्व बंधुत्व का प्रतीक है तथा स्काउट एवं गाइड आंदोलन के संस्थापक लॉर्ड रॉबर्ट बैडेन-पॉवेल (Lord Robert Baden-Powell) के आदर्शों को स्मरण करने का अवसर प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि स्काउट स्कार्फ केवल वर्दी का हिस्सा नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। इसके उपरांत प्रवेश प्राप्त रोवर्स एवं रेंजर्स का विधिवत इन्वेस्टिचर समारोह आयोजित किया गया, जिसमें उन्हें स्काउट/गाइड की प्रतिज्ञा दिलाकर स्काउट स्कार्फ धारण कराया गया। समारोह के पश्चात प्रतिभागियों ने बाबा बालक नाथ मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर सेवा एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। महाविद्यालय की प्राचार्या एवं ग्रुप लीडर डॉ. मीता शर्मा ने कहा कि स्काउटिंग युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास करती है। कार्यक्रम का सफल आयोजन डॉ. शाम सिंह बैंस (रोवर स्काउट लीडर) एवं डॉ. श्रेयसी सिंह (रेंजर लीडर) के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
