Hair Transplant के दौरान Engineer की मौत

Written by

in

कानपुरः हेयर ट्रांसप्लांट के दौरान इंजीनियर की मौत होने का मामला सामने आया है। पनकी पावर हाउस के AE हेयर ट्रांसप्लांट कराने के लिए एक निजी क्लिनिक पर गए थे। डॉक्टर के इंजेक्शन लगाने के बाद उनके चेहरे पर सूजन आ गई। इसके बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। इस पर उन्हें हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया जहां, उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

मामला रावतपुर थाना क्षेत्र के पनकी आफिसर्स कॉलोनी का है। इंजीनियर की मौत 14 मार्च को हुई थी। सीएम पोर्टल पर शिकायत करने पर 54 दिन बाद शनिवार को पुलिस ने FIR दर्ज की है। इंजीनियर की मौत के बाद से ही डॉक्टर क्लिनिक बंद करके फरार है। इंजीनियर की पत्नी ने आरोप लगाए कि वह मामला दर्ज कराने के लिए थाना, चौकी और एसीपी से लेकर डीसीपी, पुलिस कमिश्नर दफ्तर के चक्कर काटती रहीं, लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं हुई। अब जाकर उनका केस दर्ज किया गया है।

पनकी स्थित ऑफिसर्स कॉलोनी में रहने वाले विनीत दुबे (37) पावर प्लांट में सहायक अभियंता के पद पर कार्यरत थे। वह मूल रूप से गोरखपुर के रहने वाले थे। विनीत दुबे के परिवार में पत्नी जया और दो बच्चे हैं। जया ने बताया कि मैं होली पर बच्चों को लेकर मायके गोंडा गई थी। 13 मार्च को विनीत हेयर ट्रांसप्लांट कराने लिए इंपायर वाराही क्लिनिक की डॉ. अनुष्का तिवारी के पास गए। जहां हेयर ट्रांसप्लांट के दौरान विनीत की हालत बिगड़ गई। उन्हें शारदा नगर के अनुराग हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। डॉक्टर अनुष्का ने मुझे फोन करके बताया कि विनीत के चेहरे पर थोड़ी सूजन है। इसलिए उन्हें हॉस्पिटल में एडमिट कराने जा रहे हैं। फिलहाल, उन्हें दर्द निवारक इंजेक्शन लगा दिया है।

इसके बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी, तो रिश्तेदारों ने गंभीर हालत देख उन्हें रीजेंसी नर्सिंग होम में भर्ती करा दिया। जहां इलाज के दौरान 14 मार्च को उनकी मौत हो गई। इसके बाद डॉ अनुष्का तिवारी क्लिनिक व फोन बंद करके फरार हो गईं। पत्नी जया ने बताया कि आरोपी डॉक्टर के खिलाफ सभी ऑडियो-वीडियो और अन्य साक्ष्यों के साथ CM पोर्टल पर भी शिकायत की। साक्ष्यों के साथ शिकायत के बाद रावतपुर थाना पुलिस ने शनिवार को रिपोर्ट दर्ज की।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *