ड्यूटी दौरान आराम फरमा रहे पुलिस कर्मियों पर गिरी SSP की गाज, Suspend

Written by

in

पटनाः पुलिस के बड़े अधिकारी अपने कर्मचारियों को नियमों का पालन करवाने के लिए लगातार प्रयासरत रहते हैं। वह विभिन्न तरह की कार्रवाई करते हुए पुलिस कर्मियों से नियमों की पालना करवाते हैं परन्तु कई बार नियमों का पालन न करने पर उन पर प्रशासन और बड़े अधिकारियों की गाज भी गिरती है। ऐसा ही मामला पटना से सामने आया है जहां, एसएसपी बनते ही अवकाश कुमार ने न सिर्फ थानेदारों बल्कि एसपी और डीएसपी रैंक के पदाधिकारियों को भी रात में गश्ती करने का आदेश दिया है।

इस दौरान चार दिन पहले पांच पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया था और अब फिर चार पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया, जबकि एक जवान की नौकरी ही समाप्त कर दी गई। जिन पुलिसकर्मियों पर यह कार्रवाई हुई है उनमें सैप चालक रवि कुमार, थाने का ओडी पदाधिकारी विजय कुमार, डायल 112 के प्रतिनियुक्त पदाधिकारी निरंजन कुमार यादव के साथ दो महिला सिपाही पूजा कुमारी और अनिता कुमारी शामिल हैं।

एसएसपी अवकाश कुमार ने बताया कि पटना में जो भी कामचोर पुलिसकर्मी या पदाधिकारी हैं उन्हें नौकरी से छुट्टी कर दिया जाएगा। ऐसे ही चार कामचोर पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया है जो ड्यूटी के बजाय थाने में आराम फरमा रहे थे। एसएसपी ने बताया कि बुद्धा कॉलोनी थाना के डायल 112 के पुलिसकर्मियों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह थाने में ही आराम फरमाते हुए दिख रहे थे।

इतना ही नहीं, बुद्धा कॉलोनी थाने के ओडी पदाधिकारी थाने का गेट बंद कर सो रहे थे। वायरल वीडियो में ओडी पदाधिकारी विजय कुमार बेल्ट और पैंट का बटन खोलकर और थाने का मेन गेट बंद कर सो रहे थे। इसलिए विजय कुमार को भी निलंबित कर दिया गया है।

बुद्धा कॉलोनी थाना अध्यक्ष की जांच प्रतिवेदन पर एसएसपी अवकाश कुमार ने इन कामचोर पुलिसकर्मियों को निलंबित किया है। कुल चार पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई हुई है। जबकि ड्यूटी से गायब सैप चालक के अनुबंध को समाप्त करने की कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावे डायल 112 के प्रतिनियुक्त पदाधिकारी निरंजन कुमार यादव के साथ-साथ महिला सिपाही पूजा कुमारी और अनिता कुमारी को ड्यूटी के दौरान सोते हुए पाए जाने के आरोप में निलंबित किया गया है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *