Property Dealer ने खुद को मारी गोली, भाइयों व पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

Written by

in

मेरठः प्रॉपर्टी डीलर द्वारा सुसाइड करने का मामला सामने आया है। युवक चाचा के खाली मकान में गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया फिर बाद में कुर्सी पर बैठकर तमंचे से खुद को गोली मार ली। मरने से पहले उसने एक वीडियो भी बनाया जिसमें उसने भाइयों और साले की पुलिस से सेटिंग कर उसे परेशान करने की बात कही। युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस के अधिकारी एक्शन मोड में आ गए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी मुताबिक, आसिम और उसके दो भाई आमिर व समद के बीच 150 गज के मकान को लेकर विवाद चल रहा था। 4 दिन पहले हुई मारपीट में आसिम ने अपने भाइयों पर गोली चला दी थी। इसके बाद भाइयों ने उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। तभी से वह पुलिस से छिप रहा था। इसी के चलते टेंशन में आने के बाद शुक्रवार रात करीब 12 बजे उसने पत्नी दिलकशी से कुछ देर में आने की बात कही और घर से निकल गया। आसिम अपने चाचा फरजंद के खाली मकान में पहुंचा। तमंचे से खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर उसके परिवार वाले पहुंच गए। इस दौरान उसके फोन से एक वीडियो भी मिली जिसे उसने मरने से पहले रिकॉर्ड किया था।

वीडियो में उसने कहा, मेरा मेरे भाइयों से जमीनी विवाद चल रहा है मैं बहुत परेशान हूं मेरे खिलाफ उन्होंने थाना पुलिस से मिली भगत करते हुए झूठा मुकदमा लिखवा दिया है, जिसके चलते मैं अपने बच्चे और पत्नी से दूर 3 दिन से भूखा प्यासा हूं। मेरी मौत के जिम्मेदार दोनों भाई, साले और पुलिस है। जिनकी वजह से मैं ये कदम उठा रहा हूं। परेशान हो चुका हूं।

घटना के बाद पुलिस ने मौके से तमंचा, खाली कारतूस, दो मोबाइल और 117 रुपए बरामद किए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मोबाइल से भेजे गए मैसेज की भी जांच की जा रही है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *