आज से बॉर्डरों पर India-Pakistan Retreat Ceremony शुरू, ये बदलाव किए

अमृतसरः पहलगाम हमले के बाद भारत द्वारा पाकिस्तान के आतंकी ठिकाने ध्वस्त कर दिए थे जिसके बाद भारत-पाकिस्तान के बीच जंग की स्थिति बन गई थी। इसी के चलते सरकार ने सारे बॉर्डरों पर रिट्रीट सेरेमनी पर रोक लगा दी थी। अब भारत-पाकिस्तान के बीच स्थिति सामान्य होने पर मंगलवार को बीएसएफ जवानों और पाकिस्तानी रेंजर्स के बीच शाम साढ़े 6 बजे रिट्रीट सेरेमनी शुरू होने की सहमति बन गई है। इसके अलावा फेंसिंग पर लगे गेट किसानों के लिए खोल दिए गए हैं ताकि फेंसिंग पार जमीन पर खेती कर सके। उल्लेखनीय है कि भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव के चलते फेंसिंग पर लगे गेट भी बंद कर दिए गए थे।

बीएसएफ अधिकारियों ने बताया कि अटारी, हुसैनीवाला और सादकी बॉर्डर पर मंगलवार शाम 6:30 बजे से बीएसएफ जवानों और पाकिस्तान रेंजर्स के बीच रिट्रीट सेरेमनी शुरू होगी। सेरेमनी देखने के लिए आम पब्लिक भी अब आ सकेगी। यह परेड समारोह अटारी-वाघा, हुसैनीवाला (फिरोजपुर) और सादकी बॉर्डर (फाजिल्का) पर आयोजित होता है, जो भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पर रोजाना सांस्कृतिक और सैन्य शौर्य का प्रतीक बन चुका है।

बीएसएफ सूत्रों के अनुसार, समारोह बहाल तो होगा, लेकिन कुछ बदलावों के साथ इसे बहाल किया गया है। इस दौरान गेट नहीं खोले जाएंगे, यानी कि भारत-पाकिस्तान के सुरक्षाबलों के बीच सामान्य रूप से होने वाला हैंडशेक अब नहीं होगा। समारोह की पारंपरिक सैन्य गत्यात्मकता बरकरार रहेगी, लेकिन सीमापार तालमेल सीमित रहेगा। रही बात झंडों को उतारने की तो दोनों तरफ से जवान बंद गेटों के आर-पार खड़े होकर ही अपने-अपने देश के झंडे को उतारेंगे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *