2 ट्रकों में भीषण टक्कर, 2 चालकों समेत दर्जन भर मवेशियों की मौत

Written by

in

गिरिडीहः जिले के ताराटांड थाना क्षेत्र के मोहलीडीह के समीप भीषण सड़क हादसा होने का मामला सामने आया है। जहां, 2 ट्रकों के बीच भीषण टक्कर में दोनों वाहन के चालकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इनमें एक वाहन में मवेशी लोड थे, वहीं दूसरे वाहन में सीमेंट भरा हुआ था।

दोनों वाहनों के बीच की टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहनों के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद देखते ही देखते काफी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ गई। इधर घटना की सूचना मिलने के बाद ताराटांड़ थाना पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू किया।

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि अल सुबह एक वाहन धनबाद से गिरिडीह की ओर जा रहा था। वहीं दूसरा वाहन गिरिडीह से धनबाद की ओर जा रहा था। इसी ट्रक में सीमेंट लदा था। अचानक तेज रफ्तार ट्रकों में भीषण टक्कर हो गई जिसके बाद दोनों वाहन के चालकों की गाड़ी में ही फंसकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस की टीम जेसीबी और मशीन के सहारे दोनों वाहनों के आगे के हिस्से को काटा। इसके बाद दोनों वाहन के चालकों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। दुर्घटना में एक दर्जन से अधिक मवेशियों की भी मौत हो गई है। फिलहाल दोनों मृतक चालकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने मामले की आगामी जांच शुरू कर दी है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *