Haryana News: सरकारी बस और प्राइवेट स्कूल बस में हुई टक्कर, 4 बच्चे घायल

Written by

in

महेंद्रगढ़ः हरियाणा के महेंद्रगढ़ में रोडवेज बस और प्राइवेट स्कूल बस में टक्कर हो गई। घटना में स्कूल बस बेकाबू होकर ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गई, जिससे 4 बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए और कई अन्य को भी चोटें आई है। जानकारी के अनुसार हादसा सुबह 7 बजे महेंद्रगढ़ के राव तुलाराम चौक पर हुआ। घटना को लेकर बच्चों में चीख पुकार मच गई। हादसे के वक्त स्कूल बस में 2 जिलों के 50 बच्चे सवार थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बच्चों को अस्पताल में पहुंचाया। हादसे के बाद रोड पर करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति रही। इसके कारण लोगों को काफी परेशानी हुई। पुलिस ने दोनों बसों और ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है।

राव प्रहलाद सिंह (RPS) स्कूल में चरखी दादरी और महेंद्रगढ़ जिले के बच्चे पढ़ते है। बताया जा रहा हैकि सुबह 6 बजे से स्कूल बस का चालक दोनों जिलों से बच्चों को एकत्र करते हुए स्कूल आ रहा था। ये बच्चे दादरी के शीशवाल, आदमपुर दाढ़ी, महेंद्रगढ़ के आकोदा, बधवाना, पाली, धोली, खुड़ाना, सिसोठ गांव सहित विभिन्न क्षेत्रों से बस में सवार हुए थे। सात बजे तक करीब 50 बच्चे बस में सवार हो चुके थे। जैसे ही बस महेंद्रगढ़ में तुलाराम चौक के पास पहुंची तो हरियाणा रोडवेज की बस ने उसमें टक्कर मार दी। यह बस महेंद्रगढ़ से दादरी जा रही थी। इसके बाद स्कूल बस बेकाबू होकर साइड से जा रही ट्रैक्टर ट्रॉली में जा टकराई।

बस चालक ने किसी तरह बस को रोका। मगर, तब तक अगला हिस्सा ट्रैक्टर ट्रॉली से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गया था। ट्रैक्टर ट्रॉली में ईंटें भरी थीं। ट्रैक्टर ट्रॉली से टकराते ही स्कूल बस में सवार बच्चों में चीख पुकार मच गई। बच्चों की चीखपुकार सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े और तुरंत बच्चों को बस से उतारा। इसके बाद स्कूल प्रबंधन और पुलिस को को हादसे की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्कूल स्टाफ भी दूसरी बस लेकर पहुंच गया। घायलों बच्चों को अस्पताल भेज दिया गया, जबकि अन्य बच्चों को दूसरी बस से स्कूल ले जाया गया।

इस हादसे में दादरी के शीशवाल गांव के कक्षा नौंवी के साहित्य, महेंद्रगढ़ के गांव सिसोठ के कक्षा सातवीं के सोनू, दादरी जिला के आदमपुर दाढ़ी के कक्षा नौंवी के अर्पित और तक्षक घायल हुआ है। उन्हें नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। एक बच्चे को ज्यादा चोट लगी है। उसके मुंह पर चोट आई है। वहीं अन्य तीन बच्चों को मामूली चोट लगी है। सूचना मिलते ही उनके परिजन भी अस्पताल पहुंच गए और बच्चों का हाल-चाल जाना।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *