डेली संवाद, जालंधर। Accident News: जालंधर (Jalandhar) के फुटबॉल चौक और एपीजे कॉलेज के पास सोमवार को एक तेज रफ्तार हरियाणा नंबर के कैंटर ने आई-20 कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कार सवार पेट्रोल पंप मालिक बाल-बाल बच गए। दुर्घटना के बाद आरोपी कैंटर चालक मौके से फरार होने लगा, लेकिन पीड़ित और ट्रैफिक पुलिस ने करीब दो किलोमीटर तक पीछा कर उसे बीएमसी चौक के पास पकड़ लिया।
चालक के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस (Police) ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, हादसा एपीजे कॉलेज के पास रेड लाइट पर हुआ। पीड़ित की पहचान जवाना पेट्रोल पंप के मालिक भारत भूषण चावला के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि वह अपने ऑफिस से लौट रहे थे और रेड लाइट पर अपनी आई-20 कार लेकर खड़े थे।

मौके से भागने की कोशिश की
जैसे ही सिग्नल हरा हुआ और उन्होंने गाड़ी आगे बढ़ाई, उसी दौरान तेज रफ्तार कैंटर चालक ने लापरवाही से वाहन मोड़ा और उनकी कार को सीधी टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कार सवार को बाहर निकाला।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
गनीमत यह रही कि हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई। हादसे के बाद आरोपी चालक ने वाहन रोकने के बजाय मौके से भागने की कोशिश की। इस पर भारत भूषण चावला ने अन्य लोगों की मदद से कैंटर का पीछा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस भी सक्रिय हो गई। करीब दो किलोमीटर तक पीछा करने के बाद आरोपी चालक को बीएमसी चौक के पास रोक लिया गया।
कार तथा कैंटर को कब्जे में ले लिया
स्थानीय लोगों का आरोप है कि हरियाणा नंबर (HR-24) वाला कैंटर चालक बेहद लापरवाही और तेज गति से वाहन चला रहा था। लोगों को शक है कि चालक नशे की हालत में था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि भागने के दौरान उसने कई अन्य वाहनों को भी टक्कर मारने की कोशिश की, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार तथा कैंटर को कब्जे में ले लिया। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
