एक बार फिर बढ़ रहा कोविड-19 संक्रमण, स्वास्थ्य मंत्रालय ने जारी की चेतावनी !

Written by

in

नई दिल्लीः भारत में कोविड-19 संक्रमण एक बार फिर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे लोगों में चिंता का माहौल बना हुआ है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा रविवार को जारी किए गए ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, देश में सक्रिय कोविड-19 मामलों की संख्या बढ़कर 3395 हो गई है। बीते 24 घंटों में 685 नए मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि शनिवार को यह संख्या 511 थी।

कोविड से जुड़ी मौतों का सिलसिला भी जारी है। शुक्रवार को संक्रमण से 4 लोगों की मौत हुई, जबकि गुरुवार को 7 मौतें दर्ज की गई थीं। जिन राज्यों से मौतें सामने आई हैं उनमें उत्तर प्रदेश, दिल्ली, कर्नाटक और केरल शामिल हैं। 1 जनवरी 2025 से अब तक देश में कोविड-19 के कारण कुल 26 मौतें हो चुकी हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि संक्रमण के बावजूद 1435 मरीज ठीक होकर घर लौटे हैं।

राजधानी दिल्ली में भी मौजूदा लहर के दौरान कोविड से पहली मौत हुई है। जानकारी के मुताबिक मृतक एक 60 वर्षीय महिला थीं, जो पहले से ही कई गंभीर बीमारियों से पीड़ित थीं। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्थिति पर नियंत्रण होने का दावा करते हुए कहा, “लोगों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। सरकार सतर्क है और अस्पताल किसी भी आपात स्थिति के लिए तैयार हैं।”

संक्रमण का कारण

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के महानिदेशक डॉ. राजीव बहल ने बताया कि इस बार संक्रमण की लहर मुख्यतः ओमिक्रॉन के नए सब-वेरिएंट्स- एलएफ. 7, एक्सएफजी, जेएन. 1 और एनबी. 1.8.1 – के कारण आई है। उन्होंने कहा, “इन वेरिएंट्स में अब तक केवल हल्के लक्षण ही देखे गए हैं। स्थिति पर नजर रखी जा रही है। फिलहाल चिंता की कोई बात नहीं है, लेकिन सतर्क रहना ज़रूरी है।”

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, देश के 8 राज्यों में 1 जून तक 100 से अधिक सक्रिय मामले दर्ज किए गए हैं। कर्नाटक में भी मामलों में वृद्धि देखी जा रही है।

विभाग की अपील: मास्क पहनें, सतर्क रहें

कोविड के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने लोगों से अपील की है कि वे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क पहनें, सामाजिक दूरी बनाए रखें और स्वच्छता नियमों का पालन करें। इसके अलावा किसी भी लक्षण के प्रकट होते ही टेस्ट कराएं और स्वास्थ्य अधिकारियों से संपर्क करें।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *