Himachal News: अमरीश राणा और अमित मनकोटिया गिरफ्तार

Written by

in

अमरीश राणा व तीन अन्य साथियों के विरुद्ध स्टोन क्रशर मालिक ने शिकायत दर्ज करवाई थी

ऊना/सुशील पंडित: थाना गगरेट पुलिस ने अमरीश राणा और उसके साथी अमित मनकोटिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को उनके घर से गिरफ्तार किया। अमरीश राणा और उसके तीन अन्य साथियों के खिलाफ 16 अप्रैल 2025 को ठाकुर स्टोन क्रशर के मालिक कुंवर संदीप सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई थी। संदीप सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 15 अप्रैल की रात करीब 10 बजे अमरीश राणा, अमित मनकोटिया और दो अज्ञात लोग एक गाड़ी में सवार होकर क्रशर साइट पर आए थे और वहां उन्होंने जेसीबी और टिप्पर चालकों को गाली-गलौच कर धमकाया और वाहनों के टायर्स की हवा निकाल दी।

इसके अलावा उन्होंने वाहन के इंजनों में कोई पदार्थ डाल दिया, जिससे गाड़ियां स्टार्ट नहीं हो सकीं। उन्होंने शिकायत में यह भी बताया कि 12 अप्रैल को भी अमरीश राणा अपने साथियों के साथ साइट पर पहुंचकर कर्मचारियों को धमकाया था। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया था कि अमरीश राणा ने श्री साईं स्टोन क्रशर बढ़ेड़ा राजपूता के मालिक रोहित कुमार मैहता से पैसों की मांग को लेकर धमकी दी थी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी। पुलिस ने शिकायत मिलने पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था। तब से अमरीश राणा फरार था और उसने अग्रिम जमानत के लिए उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था, लेकिन कोर्ट ने उसकी अर्जी खारिज कर दी थी। करीब दो महीने बाद पुलिस ने उसे और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *