किसान को कागजों में मृत दिखा करोड़ों की जमीन पर किया कब्जा, पटवारी सहित 5 नामजद

Written by

in

जबलपुरः यहां एक अजीब मामला सामने आया है। जमीन पर कब्जा करने के लालची व्यक्तियों ने एक जिंदा किसान को कागजों मेें मृत दिखाकर उसकी जमीन हड़पने की कोशिश की। यह मामला तब सामने आया जब किसान की वास्तविक मृत्यु के बाद परिजनों ने जमीन का नामांतरण करवाने के लिए पटवारी से संपर्क किया।

जानकारी मुताबिक, नरसिंहपुर जिले के करेली निवासी हल्के प्रसाद गौड़ की पत्नी शांति बाई जब जमीन का नामांतरण करवाने चरगंवा पहुंचीं, तो उन्हें पता चला कि जमीन पहले ही 2016 में गांव के मुख्तार सिंह और अन्य के नाम हो चुकी है। इस पर परिजनों ने चरगंवा थाना पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।

पुलिस ने मामले की जांच की तो यह साफ हुआ कि पटवारी और 4 अन्य ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन हड़प ली। पटवारी राजेंद्र कुंजे ने मुख्तार सिंह गौड़, उसके भाई अठई, रामप्रसाद और रिश्तेदार हाकम सिंह के साथ मिलकर किसान हल्के प्रसाद का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार किया। इसके आधार पर 14 एकड़ जमीन को चारों के नाम करवा लिया गया और उस पर खेती भी शुरू कर दी गई। थाना प्रभारी ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी कर ली हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस फर्जीवाड़े में और कौन-कौन शामिल हो सकता है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *