देर से खाना परोसने पर Restaurant में तोड़फोड़, मची भगदड़, देखें CCTV

Written by

in

गाजियाबाद: जिले के रेस्टोरेंट से बवाल की खबर सामने आई है। गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन स्थित रसोई रेस्टोरेंट में रविवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ युवकों ने खाना देर से परोसे जाने के विवाद को लेकर जमकर बवाल काटा। घटना की पूरी तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। इसमें साफ दिखाई दे रहा है कि जब ग्राहक सामान्य रूप से खाना खा रहे थे, तभी अचानक कुछ लोग आए और उपद्रव शुरू कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचे कुछ लोगों को जब ऑर्डर में देर हुई तो उन्होंने स्टाफ से बहस शुरू कर दी। बहस इतनी बढ़ गई कि उन्होंने गाली-गलौज के बाद कुर्सी-टेबल उठाकर फेंकनी शुरू कर दी। अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचाया। रेस्टोरेंट में मौजूद अन्य ग्राहक दहशत के कारण बाहर की ओर भागना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक उपद्रवी फरार हो चुके थे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर कुछ संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और कुछ को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और शीघ्र ही उन्हें गिरफ्तार कर कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय व्यापारियों और निवासियों ने घटना को बेहद चिंताजनक बताया है और मांग की है कि इस प्रकार की घटनाओं पर तुरंत रोक लगाने के लिए पुलिस सतर्कता और गश्त बढ़ाई जाए। वहीं पुलिस प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *