नई दिल्ली : राजस्थान की राजधानी जयपुर में बड़ा सड़क हादसा हो गया। दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे पर केमिकल से भरा ट्रक अचानक पलट गया, जिसके बाद उसमें भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि टैंकर में सवार ड्राइवर और उसके साथी ने समय रहते वहां से भागकर अपनी जान बचा ली। हालांकि टैंकर में आग लगने के कारण हाईवे ब्लाॅक हो गया और लंबा जाम लगने लगा।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। साथ ही फायर ब्रिगेड की 8-10 गाड़ियों को भी बुलाया गया। आग इतनी भयंकर थी कि उसे बुझाने में करीब तीन घंटे का समय लगा। पुलिस ने अनुसार यह टैंकर जयपुर से दिल्ली जा रहा था। रात करीब 2:30 बजे कोटपूतली-बहरोड़ के बीच, बालाजी विहार कॉलोनी के सामने नाले पर यह पलट गया। जिससे उसके ढक्कन से केमिकल का रिसाव शुरू हो गया।
टैंकर को सीधा करने के लिए क्रेन बुलाई गई, लेकिन इसी दौरान टैंकर की जलती पार्किंग लाइट से शॉर्ट सर्किट हो गया और भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि टैंकर के साथ-साथ क्रेन भी जलकर खाक हो गई। यह केमिकल बेहद ज्वलनशील होता है और आग को तेजी से बढ़ा सकता है। इसलिए आग पर काबू पाने में ज्यादा मुश्किलें आईं। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नही हुआ।

Leave a Reply