Jalandhar News: सरेआम Flipkart कर्मी पर हमला करके लाखों की नगदी लेकर लुटेरे फरार

जालंधर, ENS: शहरी इलाके और देहात इलाकों में आए दिन लूटपाट और चोरी की वारदातें हो रही है। वहीं आदमपुर व इसके आसपास के गांवों में सरेआम लुटेरों द्वारा आने-जाने वाले लोगों को लूट का शिकार बनाया जा रहा है। लुटेरे सरेआम दिनदहाड़े पिस्तौल व तेजधार हथियारों के बल वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। वहीं ताजा मामला आदमपुर के खेल स्टेडियम रोड शिवपुरी के पास लूट का सामने आया है।

जहां दोपहर के समय फ्लिपकार्ट कंपनी कर्मी को लुटेरों ने हथियारों के बल लूट का शिकार बनाया। बाइक सवार लुटेरों ने पिस्तौल और दातर के बल पर युवक को रास्ते में घेर लिया। जिसके बाद उस पर हमला करके डेढ़ लाख रुपए लूट कर फरार हो गए। मामले की जानकारी देते हुए गांव दुहड़े निवासी मनप्रीत सिंह पुत्र बलजिंदर सिंह ने बताया कि वह फ्लिपकार्ट कंपनी में काम करता है और रोजाना की तरह दुकानों पर पैसे इकट्ठे कर रहा था।

इस दौरान दोपहर को जब वह आदमपुर शिवपुरी रोड के पास पहुंचा तो बाइक सवार 2 नकाबपोश लुटेरों ने उसे घेर लिया। जिसके बाद उन्होंने मेरे हाथ और गर्दन पर हमला कर घायल कर दिया। इस दौरान उससे डेढ़ लाख रुपए लूटकर लुटेरे फरार हो गए। पीड़ित ने कहा कि घटना के दौरान लुटेरों ने एक हवाई फायर भी किया। घटना स्थल पर भागते समय लुटेरों की पिस्तौल की मैगजीन भी गिर गई।

मौके से एक गोली का खोल भी बरामद हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची आदमपुर पुलिस ने पीड़ित के बयान दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। बता दें कि पिछले 20 से 25 दिनों में आदमपुर व इसके आसपास के गांवों में लूट, गोलीबारी व हमले की करीब 9 वारदातें हो चुकी हैं, लेकिन आदमपुर पुलिस इन्हें रोकने व लुटेरों पर काबू पाने में पूरी तरह विफल रही है। जिस से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया चिन्ह लग गया है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *