बदमाशों ने शादी समारोह में मचाया हुड़दंग, मेहमानों को पीटने के साथ गाड़ियां भी जलाईं

Written by

in

रायपुरः शादी समारोह में असामाजिक तत्वों द्वारा हुड़दंग मचाने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने हमले से पहले बिजली लाइन काटकर मीटर को तोड़ दिया, फिर घर के अंदर घुसकर मेहमानों को पीटा। वहीं बाहर खड़ी बाइक और कार में तोड़फोड़ कर उसे जला भी दिया। मामले में पुलिस ने 17 आरोपियों की पहचान कर ली है।

जानकारी देते धरसींवा थाना प्रभारी राजेन्द्र दीवान से बताया कि गजानंद निषाद ने थाने में शिकायत दी कि 11 जून को रात 9:30 बजे घर पर उनके बेटे रूपेंद्र कुमार निषाद का विवाह था। तभी गांव के 12 से ज्यादा लोगों ने घर के भीतर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। इस दौरान आरोपियों ने बिजली कनेक्शन काट दिया और मीटर को भी तोड़ दिया। गजानंद ने बताया कि घर के लोग डर गए और सभी पत्थरों से बचने के लिए अंदर की ओर भागने लगे।

आरोपियों ने घर के भीतर घुसने के लिए दरवाजा तोड़ दिया। फिर सभी मेहमानों को जान से मारने की धमकी दी। कुछ मेहमानों ने जब विरोध किया तो लाठी और पत्थरों से उनसे मारपीट की गई। फिर घर के बाहर खड़ी स्विफ्ट, स्कॉर्पियो आधे दर्जन से ज्यादा दोपहिया वाहनों में तोड़फोड़ की गई। इस दौरान आरोपियों ने गाड़ियों में आग भी लगाई, जिसे परिवार के लोगों ने बुझाया।

आरोपियों ने शादी में दंपती को मिले गिफ्ट सामान को भी तोड़फोड़ दिया। पीड़ित के मुताबिक करीब 10 लाख का नुकसान हुआ है। उसका कहना है कि इस घटना के बाद परिवार बुरी तरह डरा हुआ है। पुलिस ने मामले में मुकेश शर्मा, मुकुंद वर्मा, झुमूक निषाद, प्रदीप निषाद, मनीष साहू समेत 17 आरोपियों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज की है। बताया जा रहा है कि यह पूरा विवाद महिलाओं पर कमेंट से शुरू हुआ था। शुरुआत में लड़ाई लड़कों के बीच थी, जिसमें बाद में गांव के लोग भी शामिल हो गए। पुलिस ने मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *