भीषण Road Accident में महिला की मौत, परिवार का आरोप- पुलिस वाले के Truck रोकने से हुआ हादसा

Written by

in

जयपुरः भीषण सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। हादसा जयपुर-दिल्ली एक्सप्रेस वे पर सुबह 4 बजे हुआ। जहां खड़े ट्रक को पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक ने टक्कर मार दी। इस दौरान ट्रक के बाहर खड़ी महिला की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे में एक पुलिसकर्मी सहित 4 लोग जख्मी भी हुए हैं। महिला के परिवार का आरोप है कि हाईवे पर पुलिस वाले वसूली कर रहे थे। इसी के लिए ट्रक को रोका था। उधर, ट्रक रोकने वाले 4 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है।

जयश्री कुमारी कुशवाह ने बताया कि सुबह हमारी गाड़ी (ट्रक) को पुलिसवालों ने रोका था। भाई से 20 हजार रुपए की डिमांड की। इसी दौरान मेरी मां (प्रेममति) भी ट्रक से नीचे उतरी। इतने में पीछे से आ रहे ट्रक ने उसे कुचल दिया। पुलिसकर्मियों ने कहा कि ट्रक ओवरलोड है। इसलिए 20 हजार रुपए लगेंगे। हमारे ट्रक में केवल परिवार के 20 लोग बैठे थे। हादसे के बाद चाचा को भी गंभीर चोट लगी है।

एडिशनल एसपी नारायण तिवाड़ी ने बताया कि महिला का परिवार खाटूश्याम जी दर्शन के लिए ट्रक से जा रहा था। हाईवे पर पेट्रोलिंग करने वाली चंदवाजी थाने की चेतक-2 की टीम ने ट्रक को रोक लिया था। इतने में पीछे से आए ट्रक ने टक्कर मार दी। प्रेममति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। एडिशनल एसपी तिवाड़ी ने बताया कि चेतक स्टाफ समेत 4 पुलिसकर्मियों को लाइन भेज दिया गया है। इनके खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर चारों को निलंबित किया जाएगा।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *