पत्नी के साबुन से नहाना पड़ा भारी, पति की ईंट से की पिटाई, पुलिस के हवाले किया

Written by

in

अलीगढ़ः एक पति पत्नी के झगड़े का अजीब मामला सामने आया है। पत्नी के साबुन से पति के नहाने को लेकर विवाद शुरू हुई जिसके बाद भड़की पत्नी ने पति पर ईंट से हमला कर दिया। इसके बाद पति ने उसे पीट दिया। इस बात से नाराज पत्नी ने पुलिस बुला ली। पुलिस पति को थाने ले गई और शांतिभंग में पति का चालान कर दिया। हालांकि, बाद में पति को थाने से जमानत मिल गई।

जानकारी देते हुए यूपी के अलीगढ़ में क्वार्सी इलाके के रावणटीला मोहल्ला के रहने वाले प्रवीण ने बताया कि उसकी 13 साल पहले शादी हुई थी। शुक्रवार सुबह बाथरूम से नहाकर निकला, तभी मेरी पत्नी आ गई। उसने मुझसे पूछा, किस साबुन से नहाए हो? जवाब में मैंने कहा कि बाथरूम में जो साबुन रखा था, उसी से नहा लिया। वह साबुन मेरी पत्नी का था। वह इस दौरान अचानक भड़क गई और बोली कि तुमने मेरा साबुन क्यों इस्तेमाल किया? इसी बात को लेकर विवाद बढ़ता गया। इसी बीच उसने ईंट उठाकर मुझे मारा। गुस्से में मैंने उसको थप्पड़ जड़ दिया। फिर मेरी पत्नी ने पुलिस बुला ली।

पुलिस मुझे ज्वालापुर पुलिस चौकी लेकर गई। शांतिभंग में मेरा चालान कर दिया। पुलिस ने मुझे चौकी में डंडों से पीटा। इससे मेरे हाथ की कलाई में सूजन आ गई। एक हाथ का नाखून टूट गया। पैर में भी चोट के निशान हैं। पुलिस ने घर में भी थप्पड़ मारा था। प्रवीण की मां पुष्पा देवी का कहना है कि पति-पत्नी में झगड़ा हुआ था। बहू के बुलाने पर पुलिस पहुंची और मेरे बेटे को ले गई। चौकी में मेरे बेटे को डंडे से बेवजह पीटा गया। उसकी कोई गलती नहीं थी। उसके हाथ में भी चोट लगी है।

सीओ थर्ड सर्वम सिंह का कहना है कि परिवार वालों के मुताबिक, पति-पत्नी में अक्सर विवाद होता रहता है। आज साबुन को लेकर ही तनातनी हो गई। महिला का कहना था कि उसका पति उससे मारपीट करता है। उसने मारपीट के वीडियो भी दिखाए हैं। इसी आधार पर युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पति-पत्नी का मेडिकल भी कराया गया है। पुलिस द्वारा पीटने के आरोप गलत है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *