हरोली में रविवार को होगा पहला प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री एक्सीलेंस अवार्ड समारोह

Written by

in

उपमुख्यमंत्री करेंगे मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित

पालकवाह ऑडिटोरियम में सुबह 11 बजे से होगा आयोजन

हरोली क्षेत्र के 150 छात्र-छात्राओं को मिलेगा नकद पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र

ऊना/सुशील पंडित:  प्रख्यात शिक्षाविद् प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री की स्मृति में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करने की एक नई पहल की जा रही है। इस कड़ी में प्रथम प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री एक्सीलेंस अवार्ड समारोह – 2025 का आयोजन रविवार, 15 जून को हरोली विधानसभा क्षेत्र के  पालकवाह ऑडिटोरियम में प्रातः 11 बजे किया जाएगा।

इस समारोह में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, प्रतीक चिह्न एवं नकद पुरस्कार प्रदान करेंगे।

यह आयोजन प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री फाउंडेशन द्वारा किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करना है।फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने बताया कि यह अवार्ड हर वर्ष आयोजित किया जाएगा ताकि विद्यार्थियों की मेहनत और प्रतिबद्धता को सम्मानित किया जा सके।

अवार्ड समारोह के पहले संस्करण में हरोली विधानसभा क्षेत्र के कुल 150 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। इनमें वे विद्यार्थी शामिल हैं जिन्होंने हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षाओं में अव्वल प्रदर्शन किया है। इनमें क्षेत्र के 5 स्टेट टॉपर भी शामिल हैं जिन्होंने राज्य स्तरीय मेरिट सूची में स्थान प्राप्त किया है।

फाउंडेशन से जुड़े प्रतिनिधियों ने बताया कि प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री का संपूर्ण जीवन शिक्षा को समर्पित रहा। उन्होंने अपने शिक्षणकाल में हज़ारों विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया और शिक्षा को केवल अंकों तक सीमित न रखते हुए उसमें जीवन मूल्यों की अभिव्यक्ति को सर्वोपरि माना। उनके नाम पर यह अवार्ड आरंभ किया जा रहा है।

समारोह में जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी,बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और अभिभावक मौजूद रहेंगे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *