जिला ऊना में ई-ऑफिस प्रक्रिया के क्रियान्वयन को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

Written by

in

ऊना/सुशील पंडित: जिला ऊना में शासकीय कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने की दिशा में ई-ऑफिस प्रणाली का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग के सर्किल कार्यालय ऊना में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ई-ऑफिस प्रणाली की कार्यप्रणाली, उपयोगिता और तकनीकी पहलुओं पर विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग के लगभग 75 अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया।

डिजिटल प्रौद्योगिकी और गवर्नेंस विभाग ऊना से ई-जिला प्रबंधक साहिल शर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य विभागीय कार्यों को पारंपरिक कागज़ी प्रक्रिया से हटाकर डिजिटल प्लेटफॉर्म पर स्थानांतरित करना है, जिससे निर्णय लेने की गति में सुधार हो और सरकारी तंत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा मिले। उन्होंने प्रशिक्षण सत्र के दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को फाइल प्रबंधन, ई-नोटिंग, ई-डिस्पैच, पत्राचार की प्रक्रिया, दस्तावेजों की डिजिटल ट्रैकिंग, यूजर एक्सेस कंट्रोल, और कार्य प्रवाह प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी।

इसके साथ उन्होंने प्रशिक्षकों को लाइव डेमो के माध्यम से समझाया कि किस प्रकार से ई-ऑफिस का उपयोग दैनिक कार्यों में किया जा सकता है। साहिल शर्मा ने बताया कि प्रदेश सरकार राज्य के सभी विभागों को पेपरलेस करने के साथ-साथ सरकारी सेवाओं को डिजिटल माध्यम से आम नागरिकों तक त्वरित पहुंचा सुनिश्चित बनाने को लेकर प्रतिबद्ध है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *