Roadways Bus ने बाइक सवार 3 लोगों को मारी टक्कर, 1 की दर्दनाक मौत

Written by

in

टोंकः तेज रफ्तार रोडवेज बस द्वारा बाइक को टक्कर मारने का मामला सामने आया है। इस दौरान बाइक बस के नीचे फंस गई। हादसे में बाइक सवार महिला और एक युवक उछलकर साइड में गिर गए, जबकि बाइक चला रहा युवक नीचे फंस गया। टक्कर मारने के बाद भी ड्राइवर ने बस नहीं रोकी और बाइक के साथ युवक को करीब 1 किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गया। हादसे में बाइक के साथ फंसे युवक की मौत हो गई, जबकि गंभीर घायल पत्नी और बड़े भाई को जयपुर रेफर किया गया है।

जानकारी देते हुए सदर थाना प्रभारी जयमल ने बताया कि अशोक बैरवा (33) पुत्र सूरजमल बैरवा निवासी प्रेम नगर बस्ती, अयाना (कोटा) अपनी पत्नी मोनिका और भाई विजेंद्र बैरवा के साथ जयपुर में रहकर काम करता था। किसी रिश्तेदार की मौत होने पर शनिवार को वह पत्नी और भाई के साथ बाइक पर गांव जा रहा था। शाम करीब 5 बजे टोंक-सवाई माधोपुर नेशनल हाईवे पर तारण गांव के पास उनियारा की तरफ से आ रही सवारियों से भरी रोडवेज बस (टोंक डिपो) ने टक्कर मार दी।

बस की टक्कर लगने पर मोनिका और विजेंद्र उछलकर साइड में गिर गए, जबकि अशोक बैरवा बाइक के साथ रोडवेज बस के नीचे फंस गया, जिसे बस ड्राइवर 1 किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गया। बाद में गांव के बाहर ड्राइवर ने बस रोकी और फरार हो गया। बस में बैठी सवारियों और आसपास मौजूद लोगों ने बाइक को बस के नीचे से निकाला और तीनों घायलों को लहूलुहान हालत में सआदत हॉस्पिटल पहुंचाया।

डॉक्टर ने जांच के बाद अशोक बैरवा को मृत घोषित कर दिया, जबकि मोनिका और विजेंद्र को गंभीर हालत में जयपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *